Bihar liquor party raid: होटल में रईसजादों की रंगीन रात, पुलिस पहुंची तो उड़ गए होश, शराब के साथ गिरफ्तार
Bihar liquor party raid: बिहार में शराबबंदी कानून के बीच एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां रईसजादों की अय्याशी भरी रात पर पुलिस ने ऐसा शिकंजा कसा कि पूरी महफिल ही उजड़ गई।...
Bihar liquor party raid: बिहार में शराबबंदी कानून के बीच एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां रईसजादों की अय्याशी भरी रात पर पुलिस ने ऐसा शिकंजा कसा कि पूरी महफिल ही उजड़ गई।मोतिहारी के छतौनी थाना इलाके के मठिया स्थित हर्ष होटल के एक कमरे में शराब की महफिल सजाई गई थी, जहां धुएं के छल्लों और जाम के दौर के बीच अचानक पुलिस की एंट्री ने हड़कंप मचा दिया।
मिली खुफिया इत्तला के आधार पर पुलिस ने जब होटल में दबिश दी, तो कमरे के अंदर का नजारा देख दंग रह गई। चार युवक आराम से शराब पार्टी कर रहे थे, कमरे में सिगरेट का धुआं और शराब की खाली-भरी बोतलें बिखरी पड़ी थीं। पुलिस ने मौके से ही चारों को धर दबोचा और शराब की बोतलों को जब्त कर लिया।
बताया जा रहा है कि इस पूरे ऑपरेशन की अगुवाई छतौनी थाना के अपर थानाध्यक्ष श्रीकांत चौहान ने की। उन्होंने गुप्त सूचना मिलते ही इसकी खबर पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात को दी, जिसके बाद तत्काल कार्रवाई का आदेश जारी हुआ। आदेश मिलते ही पुलिस टीम ने होटल पर रेड मारी और रंगे हाथों शराब पार्टी कर रहे चारों रईसजादों को गिरफ्तार कर लिया। थाने में जांच के दौरान सभी के शराब पीने की पुष्टि हुई, जिसके बाद कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेजने की तैयारी शुरू कर दी गई है। पुलिस ने जिस कमरे में यह गैरकानूनी महफिल चल रही थी, उसे भी सील कर दिया है।
बता दें जिला मुख्यालय के होटलों में पिछले दो महीनों में यह तीसरा मामला है, जब शराब पार्टी का भंडाफोड़ हुआ है। इससे साफ है कि शराबबंदी के बावजूद कुछ लोग कानून को ठेंगा दिखाकर अपनी रंगीनियां चलाने से बाज नहीं आ रहे हैं। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार युवकों की पूरी कुंडली खंगालने में जुटी है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस अवैध पार्टी के पीछे और कौन-कौन शामिल हैं। इस कार्रवाई के बाद इलाके के होटल संचालकों में भी दहशत का माहौल है।
रिपोर्ट- हिमांशु कुमार