Bihar Crime: इश्क, तंत्र और कत्ल का खूनी खेल, दूसरी बीवी के लिए पहली पत्नी की सुपारी, तांत्रिक संग रची मौत की साजिश
Bihar Crime: दूसरी पत्नी के साथ जिंदगी बसाने की चाह में पति ने तांत्रिक के साथ मिलकर पहली पत्नी की हत्या की साजिश रच डाली।
Bihar Crime: बिहार में रिश्तों का भरोसा लगातार खून से रंगता जा रहा है। कहीं अवैध संबंध कत्ल की वजह बन रहे हैं तो कहीं दूसरी शादी के लिए पहली पत्नी को रास्ते से हटाया जा रहा है। ताजा सनसनीखेज मामला पूर्वी चंपारण के रक्सौल से सामने आया है, जहां दूसरी पत्नी के साथ जिंदगी बसाने की चाह में पति ने तांत्रिक के साथ मिलकर पहली पत्नी की हत्या की साजिश रच डाली। पुलिस ने इस ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी सुलझाते हुए आरोपी पति, उसकी दूसरी पत्नी और तांत्रिक को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक 45 वर्षीय मीना देवी की हत्या 17 जून को ट्रेन यात्रा के दौरान की गई थी। इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा 3 जुलाई को हुआ। जांच में सामने आया कि आरोपी तपेश्वर सहनी नेपाल जाकर लक्ष्मी देवी से दूसरी शादी कर चुका था। पहली पत्नी को इसकी भनक लगते ही घर में रोजाना झगड़ा और तनातनी शुरू हो गई। इसी बीच तपेश्वर की मुलाकात सिकंदर सहनी नामक तांत्रिक से हुई। तांत्रिक ने 'समस्या का समाधान' करने के नाम पर 50-50 हजार रुपये की मांग की और फिर मौत की पूरी साजिश तैयार कर दी।
प्लान के मुताबिक तांत्रिक मीना देवी को झांसे में लेकर मोतिहारी से ट्रेन में बैठाकर निकला। जैसे ही ट्रेन मसना डीह हॉल्ट के पास पहुंची, महिला की हत्या कर दी गई और शव को ट्रेन से नीचे फेंक दिया गया, ताकि मामला हादसा लगे। लेकिन पुलिस की तफ्तीश ने साजिश की एक-एक परत खोल दी।
इधर, राज्य में रिश्तों के कत्ल की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। रोहतास के डालमियानगर में अवैध संबंध के शक में महिला की हत्या कर दी गई, जबकि नवादा के वारिसलीगंज में पति ने घरेलू विवाद के बाद पत्नी को मौत के घाट उतारकर खुद थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया। दो दिन पहले कैमूर में भी खाना बनाने को लेकर हुए विवाद में पति ने पत्नी की हत्या कर दी थी। लगातार सामने आ रही ये वारदातें बता रही हैं कि पारिवारिक रिश्तों में भरोसे की जगह अब नफरत, लालच और साजिश ने ले ली है।