Bihar NIA Raid: मोतिहारी में NIA की सुबह से रेड, कल्लामुदीन के घर पर चल रही छापेमारी, इलाके में अफरा-तफरी का माहौल

Bihar NIA Raid: मोतिहारी जिले में अहले सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की टीम ने फेनहारामें दबिश दी। ...

मोतिहारी में NIA की सुबह से रेड- फोटो : social Media

Bihar NIA Raid: पूर्वी चंपारण के मोतिहारी जिले में मंगलवार की अहले सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की टीम ने फेनहारा थाना क्षेत्र के कालू पाकड़ गांव में दबिश दी। अचानक हुई इस कार्रवाई से पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और गांव के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। फिलहाल एनआईए की टीम गांव में डेरा डाले हुए है और संदिग्ध गतिविधियों से जुड़े हर पहलू की गहन तफ्तीश कर रही है।

जानकारी के मुताबिक, एनआईए की टीम फेनहारा थाना क्षेत्र के कालू पाकड़ गांव निवासी कल्लामुदीन के घर पर छापेमारी कर रही है। कार्रवाई के दौरान स्थानीय पुलिस और सुरक्षा बल भी मौके पर मौजूद हैं। टीम घर के दस्तावेजों, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और अन्य अहम साक्ष्यों की बारीकी से जांच-पड़ताल में जुटी हुई है।

सूत्रों के हवाले से यह चर्चा सामने आ रही है कि यह पूरा मामला मानव तस्करी (ह्यूमन ट्रैफिकिंग) से जुड़े किसी नेटवर्क की जांच से संबंधित हो सकता है। हालांकि, अभी तक एनआईए या जिला प्रशासन की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। यही वजह है कि कार्रवाई के वास्तविक कारणों को लेकर सस्पेंस बरकरार है।

गांव में एनआईए की मौजूदगी को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है। जांच एजेंसी किसी भी पहलू को नजरअंदाज नहीं करना चाहती और पूरे मामले की तह तक पहुंचने के लिए हर संभावित एंगल की पड़ताल कर रही है।

फिलहाल पूरे घटनाक्रम पर सभी की निगाहें टिकी हैं। अब यह देखना अहम होगा कि एनआईए की जांच में क्या नए खुलासे सामने आते हैं और क्या मानव तस्करी से जुड़े किसी बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश होता है या फिर छापेमारी के पीछे कोई दूसरा कारण निकलकर सामने आता है। तब तक प्रशासनिक पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है।

रिपोर्ट- हिमांशु कुमार