NIA Raid: कंबोडिया मानव तस्करी केस में एनआईए की बड़ी कार्रवाई, कलामुद्दीन के घर दबिश, मोबाइल जब्त, इलाके में हड़कंप

NIA Raid: कंबोडिया से जुड़े कथित मानव तस्करी मामले की जांच अब पूर्वी चंपारण तक पहुंच गई है।...

बिहार में एनआईए की बड़ी कार्रवाई- फोटो : social Media

NIA Raid: कंबोडिया से जुड़े कथित मानव तस्करी मामले की जांच अब पूर्वी चंपारण तक पहुंच गई है। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने मंगलवार को जिले के फेनहारा थाना क्षेत्र के कालूपाकड़ गांव में छापेमारी कर एक ट्रैवल एजेंट से करीब एक घंटे तक गहन पूछताछ की। इस दौरान एजेंसी ने उसके घर की सघन तलाशी ली, मोबाइल फोन जब्त किया और आगे की जांच के लिए उसे पटना बुलाया है। एनआईए की इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, कालूपाकड़ गांव निवासी कलामुद्दीन , पिता मो. यासीन, वर्तमान में दिल्ली में रहकर हवाई टिकट बुकिंग और लोगों को विदेश भेजने का काम करता है। जांच एजेंसियों को संदेह है कि उसके माध्यम से विदेश भेजे गए कुछ लोगों के तार कंबोडिया में चल रहे कथित मानव तस्करी नेटवर्क से जुड़े हो सकते हैं। इसी सिलसिले में एनआईए ने उससे विदेश भेजे गए लोगों, यात्रा संबंधी दस्तावेजों और पूरी प्रक्रिया के बारे में विस्तृत पूछताछ की।

सूत्रों के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान एनआईए ने कलामुद्दीन का मोबाइल फोन जब्त कर लिया। अब मोबाइल के कॉल रिकॉर्ड, चैट, डिजिटल डेटा, संपर्क सूत्र और वित्तीय लेन-देन की फॉरेंसिक जांच की जाएगी, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसका किसी मानव तस्करी गिरोह या अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क से प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष संबंध है या नहीं। साथ ही विदेश भेजे गए लोगों से जुड़े दस्तावेजों और रिकॉर्ड की भी बारीकी से जांच की जा रही है।

करीब एक घंटे तक चली इस कार्रवाई के दौरान स्थानीय पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रही। फेनहारा थानाध्यक्ष रजनीश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे और एनआईए की टीम को हर स्तर पर सहयोग प्रदान किया। कार्रवाई के बाद ट्रैवल एजेंट को आगे की पूछताछ के लिए पटना बुलाया गया है।

हालांकि, एनआईए और अन्य जांच एजेंसियों ने फिलहाल मामले में आधिकारिक रूप से अधिक जानकारी साझा नहीं की है। जांच एजेंसियों का कहना है कि सभी पहलुओं की गहन पड़ताल की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जाएगा। वहीं, पकड़ीदयाल के डीएसपी कुमार चंदन ने एनआईए की कार्रवाई की पुष्टि करते हुए कहा कि स्थानीय पुलिस जांच एजेंसी को पूरा सहयोग दे रही है। अब इस मामले में आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों पर निर्भर करेगी।

रिपोर्ट- हिमांशु कुमार