Bihar Love crime:प्यार में पागल प्रेमिका के सीरियल क्राइम की कहानी ने दहला दिया बिहार, 18 वारदात के बाद मासूम की हत्या से खुला खौफनाक राज

Bihar Love crime: प्रेमिका अपने आशिक को पाने की जिद में इस कदर पागल हो चुकी थी कि उसके रास्ते में आने वाले हर शख्स को सीन से आउट करना अपना मकसद बना लिया था।

सनकी प्रेमिका का क्राइम सीरियल- फोटो : reporter

Bihar Love crime: एक ऐसी दास्तान सामने आई है, जिसे सुनकर रूह काँप जाए और दिल दहल उठे। इश्क की आड़ में जुनून का ऐसा जहर घुला कि एक सनकी प्रेमिका ने मोहब्बत को मय्यत में बदल दिया।मोतिहारी के चिरैया थाना इलाके में 5 साल की मासूम अंशिका कुमारी की हत्या ने जब सनसनी फैलाई, तब किसी ने भी अंदाज़ा नहीं लगाया था कि इसके पीछे इश्क़ की अंधी दौड़ में भागती एक लड़की का खौफनाक चेहरा छिपा है।

आरोपी शिल्पी कुमारी नाम भले सादा, लेकिन कारनामे हैरान कर देने वाले। पुलिस की तहकीकात में जो परतें खुलीं, वो किसी क्राइम थ्रिलर से कम नहीं। बताया जा रहा है कि शिल्पी अपने आशिक को पाने की जिद में इस कदर पागल हो चुकी थी कि उसके रास्ते में आने वाले हर शख्स को सीन से आउट करना उसने अपना मकसद बना लिया था। एक-दो नहीं, पूरे 18 वारदातों को उसने अंजाम दिया और हर बार हादसे का चोला पहनाकर बच निकलती रही।

इस बार खेल कुछ ज्यादा ही शातिराना था। पहले एक फर्जी ऑडियो वायरल कर माहौल बनाया गया, ताकि एक बेगुनाह महिला को बदनाम किया जा सके। फिर उसी साजिश की पटकथा में मासूम अंशिका को कुर्बान कर दिया गया ताकि इल्जाम उसी महिला पर मढ़ा जा सके। लेकिन कहते हैं न, झूठ की उम्र लंबी नहीं होती। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और वैज्ञानिक जांच के दम पर इस खूनी खेल का पर्दाफाश कर दिया।

छानबीन में आरोपी के पास से चाकू, सिम कार्ड और खून से सने कपड़े बरामद हुए। खुलासा ये भी हुआ कि वारदात में इस्तेमाल हथियार ऑनलाइन मंगवाया गया था यानि साजिश पूरी तरह प्लान्ड थी।

गांव में प्रेम प्रसंग को लेकर विरोध, ताने और मारपीट ने उसके अंदर बदले की आग को और भड़का दिया। इश्क़ जब इंतकाम में बदलता है, तो अंजाम कितना खतरनाक हो सकता है ये मामला उसी की मिसाल बन गया। अब पुलिस शिकंजा कस चुकी है, लेकिन सवाल अब भी बाकी है क्या मोहब्बत इतनी बेरहम भी हो सकती है?

रिपोर्ट- हिमांशु कुमार