Bihar Crime: अवैध ऑर्केस्ट्रा से 24 नाबालिग मुक्त, तीन संचालक सलाखों के पीछे,ऑपरेशन सवेरा का बड़ा वार

Bihar Crime:मानव तस्करी और बाल शोषण के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन सवेरा के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध ऑर्केस्ट्रा संचालकों पर शिकंजा कस दिया।...

अवैध ऑर्केस्ट्रा से 24 नाबालिग मुक्त- फोटो : reporter

Bihar Crime: पूर्वी चंपारण के मोतिहारी में मानव तस्करी और बाल शोषण के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन सवेरा के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध ऑर्केस्ट्रा संचालकों पर शिकंजा कस दिया। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के निर्देशों के आलोक में चलाए गए विशेष अभियान में 23 नाबालिग लड़कियों और एक नाबालिग लड़के को मुक्त कराया गया, जबकि तीन ऑर्केस्ट्रा संचालकों को गिरफ्तार किया गया।

एसपी स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने छौड़ादानो थाना क्षेत्र में विभिन्न संस्थाओं के सहयोग से छापेमारी अभियान चलाया। पुलिस के अनुसार, मानव तस्करी, बाल श्रम, रेड लाइट एरिया और अवैध ऑर्केस्ट्रा समूहों में फंसे बच्चों और किशोरियों की पहचान कर उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला गया।कार्रवाई के दौरान जिन छह ऑर्केस्ट्रा समूहों में छापेमारी की गई, उनमें राज म्यूजिकल ग्रुप, राजेंद्र पासवान म्यूजिकल ग्रुप, भोला साह म्यूजिकल ग्रुप, रामबाबू यादव म्यूजिकल ग्रुप, रिया राज म्यूजिकल ग्रुप और लाजवाब ऑर्केस्ट्रा म्यूजिकल ग्रुप शामिल हैं।

पुलिस ने तीन आरोपित संचालकों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ जारी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और मानव तस्करी या बाल शोषण से जुड़े किसी बड़े नेटवर्क की भूमिका भी खंगाली जा रही है।

इस अभियान में मिशन मुक्ति फ़ाउंडेशन, चाइल्ड हेल्पलाइन, रेस्क्यू एंड रिलीफ फ़ाउंडेशन, न्याय नेटवर्कतथा एएचटीयू (एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट) की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

पुलिस का कहना है कि मुक्त कराए गए सभी बच्चों और किशोरियों के पुनर्वास, काउंसिलिंग और पुनर्स्थापन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मानव तस्करी, बाल श्रम और नाबालिगों के शोषण में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

रिपोर्ट- हिमांशु कुमार