Bihar PDS Scam:जनवितरण डीलर की करतूत से हड़कंप, फिंगर लगवाकर राशन की जगह कैश का खेल उजागर,गरीबों के हिस्से का राशन या घोटाला?

Bihar PDS Scam: राशन डीलर द्वारा लाभुकों को अनाज देने के बजाय नकद राशि वितरित किए जाने का आरोप है।...

राशन माफिया का खेल उजागर- फोटो : reporter

Bihar PDS Scam: राशन डीलर द्वारा लाभुकों को अनाज देने के बजाय नकद राशि वितरित किए जाने का आरोप है।बिहार के मोतिहारी जिले से जनवितरण प्रणाली (PDS) से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है, जिसने पूरे प्रशासनिक सिस्टम पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कथित तौर पर राशन डीलर द्वारा लाभुकों को अनाज देने के बजाय नकद राशि वितरित किए जाने का आरोप है।

मामलासुगौली प्रखंड क्षेत्र के दक्षिणी छपरा बहास पंचायत से जुड़ा बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में दावा किया जा रहा है कि लाभुकों से पहले फिंगरप्रिंट (बायोमेट्रिक) लगवाया गया और उसके बाद उन्हें राशन के बदले रुपये दिए गए। यह भी आरोप है कि लोगों को उत्तरी छपरा बहास पंचायत के मेहवा गांव में बुलाकर यह पूरी प्रक्रिया अंजाम दी गई।

वीडियो सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है और उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि जांच ठीक से की जाए तो जनवितरण प्रणाली में बड़े पैमाने पर अनियमितताओं का खुलासा हो सकता है। इस घटना ने सरकार की महत्वाकांक्षी “मुफ्त राशन योजना” पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं, जिसका उद्देश्य गरीबों तक अनाज पहुंचाना है। लेकिन वायरल वीडियो में सामने आए आरोपों ने इस योजना की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

फिलहाल प्रशासनिक स्तर पर इस मामले की जांच की बात कही जा रही है। हालांकि वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन इसके बावजूद पूरे क्षेत्र में चर्चा का माहौल गर्म है और लोग सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और क्या दोषियों पर कोई ठोस कार्रवाई की जाती है या नहीं।

रिपोर्ट- हिमांशु कुमार