Bihar Police Action: बिहार पुलिस का यूपी में बुलडोजर एक्शन, जहरीली शराब के सौदागरों के आलीशान महल पर चला कानून का हथौड़ा, उखाड़ लाए खिड़की-दरवाजे!
Bihar Police Action: जहरीली स्प्रिट सप्लाई करने वाले माफियाओं के खिलाफ बिहार पुलिस ने इंटरस्टेट ऑपरेशन चलाकर उनके साम्राज्य को हिला दिया है।...
Bihar Police Action: बिहार में मौत का सामान जहरीली स्प्रिट सप्लाई करने वाले माफियाओं के खिलाफ मोतीहारी पुलिस ने इंटरस्टेट ऑपरेशन चलाकर उनके साम्राज्य को हिला दिया है। एसपी स्वर्ण प्रभात के कड़े फरमान पर बिहार पुलिस की विशेष टीम उत्तर प्रदेश के जौनपुर (जलालपुर थाना क्षेत्र) पहुंच गई। पुलिस ने वहां जहरीली स्प्रिट कांड के मुख्य सरगनाचंदन और सूरज के आलीशान बंगले पर कोर्ट के आदेश के बाद कुर्की-जब्ती की ऐसी कार्रवाई की कि पूरा इलाका दहल उठा। पुलिस का खौफ ऐसा था कि टीम उनके आलीशान महल की खिड़की और दरवाजे तक उखाड़ कर अपने साथ ले आई।
इस खूनी खेल की शुरुआत अप्रैल महीने में हुई थी, जब मोतीहारी के तुरकौलिया और रघुनाथपुर थाना क्षेत्र में जहरीली स्प्रिट पीने से 10 बेगुनाह लोगों की लाशे गिरी थीं ।वारदात के बाद एक्टिव हुई पुलिस ने पीपरा कोठी थाना क्षेत्र में नाकाबंदी करके सैकड़ों लीटर जहरीली स्प्रिट के साथ तस्करों को दबोचा था, जिससे जिले में एक और बड़ा बड़ी घटना होने से टल गया।
इस धंधे को संरक्षण देने वाले अपने ही महकमे के गद्दारों पर भी एसपी ने गाज गिराई। मामले में संलिप्त एक चौकीदार समेत करीब एक दर्जन गुर्गों को गिरफ्तार कर जेल की सलाखों के पीछे न्यायिक हिरासत में ठूंस दिया गया। इस लापरवाही पर मद्यनिषेध विभाग ने भी बड़ा हंटर चलाते हुए सदर उत्पाद थाना के एक दर्जन पुलिस पदाधिकारियों को सीधे निलंबित कर दिया है।
यूपी के जौनपुर के रहने वाले चंदन और सूरज इस पूरे जहरीले नेटवर्क के मास्टरमाइंड हैं, जो पुलिस की आंखों में धूल झोंककर फरार चल रहे हैं। मोतीहारी पुलिस ने इन दोनों भगोड़े अपराधियों पर भारी इनाम की घोषणा कर रखी है। बार-बार समन भेजने के बाद भी जब दोनों ने सरेंडर नहीं किया, तो पुलिस ने कोर्ट से वारंट लेकर उनके यूपी वाले ठिकाने को पूरी तरह नेस्तनाबूद कर दिया। पुलिस अधिकारियों का साफ कहना है कि जब तक ये दोनों सलाखों के पीछे नहीं आते, तब तक इनके पूरे सिंडिकेट को मिट्टी में मिलाने का काम जारी रहेगा।
रिपोर्ट- हिमांशु कुमार