Bihar Crime: छापेमारी में 19 लाख बरामद, 3 लाख हो गए थे गायब, चार सिपाहियों पर गिरी गाज, SP ने किया बर्खास्त

Bihar Crime:छापेमारी के दौरान बरामद 19 लाख रुपये में से तीन लाख रुपये निकालकर पुलिस वाहन में छिपाने के मामले में चार सिपाहियों को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है।..

चार सिपाही सेवा से बर्खास्त - फोटो : reporter

Bihar Crime:मोतिहारी में पुलिस की कार्रवाई के दौरान बरामद नकदी में हेराफेरी के मामले में एसपी स्वर्ण प्रभात ने बड़ी विभागीय कार्रवाई की है। छापेमारी के दौरान बरामद 19 लाख रुपये में से तीन लाख रुपये कथित तौर पर निकालकर पुलिस वाहन में छिपाने के मामले में चार सिपाहियों को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। विभागीय जांच पूरी होने के बाद एसपी ने बिहार सरकारी सेवक नियमावली और पुलिस हस्तक में प्रदत्त शक्तियों के तहत यह आदेश जारी किया।

बर्खास्त सिपाहियों में सिपाही/940 संतोष कुमार, सिपाही/672 गौतम यादव, सिपाही/633 कृष्ण कुमार और सिपाही/14 ओमप्रकाश शामिल हैं। इनमें ओमप्रकाश और संतोष कुमार डीएसपी के हाउस गार्ड के तौर पर तैनात थे, जबकि दो अन्य सिपाही संग्रामपुर थाना में पदस्थापित थे।

मामला नवंबर 2025 में गोविंदगंज थाना क्षेत्र के रढ़िया गांव में उत्तर प्रदेश के एक स्वर्ण कारोबारी से हुई 19 लाख रुपये की लूट से जुड़ा है। पुलिस के मुताबिक, लूटकांड के कथित मास्टरमाइंड चंदन सिंह के मुजफ्फरपुर के साहेबगंज स्थित घर पर पुलिस टीम ने छापेमारी की थी। इसी दौरान एक बैग से बरामद 19 लाख रुपये में से तीन लाख रुपये गायब होने का आरोप चारों सिपाहियों पर लगा।

परिजनों की शिकायत के बाद पूछताछ हुई और कथित तौर पर तीन लाख रुपये पुलिस वाहन में छिपाए जाने की बात सामने आई। बाद में रकम बरामद कर ली गई और विधिवत जब्ती सूची तैयार की गई। इसके बाद साहेबगंज थाना में कांड संख्या 691/2025 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। चारों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया था।

इसके समानांतर पुलिस विभाग ने चारों के खिलाफ विभागीय कार्यवाही शुरू की और स्पष्टीकरण मांगा। विभाग के अनुसार, उनका जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया। कार्रवाई पूरी होने के बाद एसपी ने चारों की बर्खास्तगी का आदेश दिया। पुलिस महकमे में इसे वित्तीय अनियमितता और अनुशासनहीनता के मामलों में विभागीय सख्ती के तौर पर देखा जा रहा है।

रिपोर्ट- हिमांशु कुमार