Bihar Crime News:इंजीनियरिंग छात्रा की संदिग्ध मौत से हड़कंप, हॉस्टल से लेकर कैंपस तक में सनसनी, SIT गठित

Bihar Crime News:इंजीनियरिंग की 5 वीं सेमेस्टर की छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।...

इंजीनियरिंग छात्रा की रहस्यमयी मौत!- फोटो : reporter

Bihar Crime News:इंजीनियरिंग  की 5वीं सेमेस्टर की छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।  बिहार के पूर्वी चंपारण से एक दिल दहला देने वाली और रहस्यमयी घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में खलबली मचा दी है। मामला मोतिहारी स्थित इंजीनियरिंग कॉलेज से जुड़ा है, जहां 5वीं सेमेस्टर (EEE) की छात्रा नीति कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के बाद कॉलेज परिसर से लेकर छात्रावास तक तनाव और सन्नाटा पसरा हुआ है। छात्रा मुजफ्फरपुर के ब्रह्मपुत्रा थाना क्षेत्र की बतायी जा रही है।

सूत्रों के अनुसार, छात्रा की मौत के मामले में परिजनों द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश दे दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने तुरंत विशेष जांच टीम  का गठन किया है, जिसकी कमान उपमंडल पुलिस पदाधिकारी  को सौंपी गई है। पुलिस अब इस पूरे केस को हर एंगल से खंगाल रही है  चाहे वह व्यक्तिगत रंजिश हो, मानसिक दबाव हो या कोई अन्य संदिग्ध पहलू।

जांच के दौरान पुलिस को छात्रा के मोबाइल फोन से कुछ अहम डिजिटल सुराग भी मिले हैं, जिन्हें अब फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। माना जा रहा है कि मोबाइल डाटा इस पूरे रहस्य से पर्दा उठा सकता है। पुलिस टीम लगातार कॉल डिटेल्स, चैट हिस्ट्री और लोकेशन रिकॉर्ड की बारीकी से जांच कर रही है।

मोतिहारी एसपी स्वर्ण प्रभात ने साफ शब्दों में कहा है कि दोषी कोई भी हो, बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि SIT को सभी पहलुओं पर गहन जांच के निर्देश दिए गए हैं और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके साथ ही कॉलेज प्रशासन और सहपाठियों के बयान भी दर्ज किए जाएंगे ताकि घटना की कड़ियां जोड़ी जा सकें।घटना के बाद कॉलेज परिसर में छात्रों के बीच भय और आक्रोश दोनों देखा जा रहा है। कई छात्र संगठन निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं, वहीं परिजन इस मौत को सामान्य घटना मानने से इनकार कर रहे हैं और गहरी साजिश की आशंका जता रहे हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और डिजिटल एविडेंस इस केस की दिशा तय करेंगे। फिलहाल पूरे मामले को बेहद संवेदनशील मानते हुए जांच तेज कर दी गई है और हर छोटी-बड़ी जानकारी को गंभीरता से लिया जा रहा है।

इस रहस्यमयी मौत ने न सिर्फ कॉलेज प्रशासन को कठघरे में खड़ा कर दिया है, बल्कि पूरे मोतिहारी इलाके में सवालों का तूफान खड़ा कर दिया है क्या यह वाकई एक संदिग्ध मौत है या इसके पीछे छिपा है कोई बड़ा राज? जांच आगे बढ़ने के साथ ही कई परतें खुलने की उम्मीद है।

रिपोर्ट- हिमांशु कुमार