Bihar Crime: विदेशी घुसपैठ की कोशिश नाकाम,बिना वीजा भारत में घुसने की कोशिश कर रही स्विट्जरलैंड की महिला और म्यांमार का युवक गिरफ्तार
Bihar Crime: भारत-नेपाल सीमा पर स्थित रक्सौल बॉर्डर से अवैध तरीके से भारत में दाखिल होने की कोशिश कर रहे दो विदेशी नागरिकों को पकड़ लिया गया है............
Bihar Crime: भारत-नेपाल सीमा पर स्थित रक्सौल बॉर्डर से अवैध तरीके से भारत में दाखिल होने की कोशिश कर रहे दो विदेशी नागरिकों को इमिग्रेशन विभाग और मोतिहारी की हरैया थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार कर लिया गया। पकड़े गए लोगों में स्विट्जरलैंड की एक महिला और म्यांमार का एक युवक शामिल हैं। दोनों के पास भारत में प्रवेश के लिए आवश्यक वैध वीजा और यात्रा दस्तावेज नहीं मिले, जिसके बाद उन्हें हिरासत में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई।
जानकारी के मुताबिक हरैया थाना क्षेत्र के कस्टम चौक स्थित रक्सौल सीमा जांच बिंदु पर इमिग्रेशन अधिकारियों द्वारा नियमित चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान दोनों विदेशी नागरिक संदिग्ध परिस्थितियों में सीमा पार करने की कोशिश करते पकड़े गए। जब उनसे पासपोर्ट, वीजा और अन्य यात्रा दस्तावेजों की मांग की गई तो वे संतोषजनक कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके।जांच में महिला की पहचान जुनिला थेक श्रेष्ठा के रूप में हुई, जो स्विट्जरलैंड के लौटेनबर्ग क्षेत्र की निवासी बताई गई है। वहीं युवक की पहचान आंग निंग लेट के रूप में हुई है, जो म्यांमार के यांगून शहर का रहने वाला है। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों के भारत आने के उद्देश्य और यात्रा मार्ग को लेकर भी सुरक्षा एजेंसियां गहन पड़ताल कर रही हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार बिना वैध वीजा और अनुमति के भारत में प्रवेश करने का प्रयास विदेशी अधिनियम और अन्य संबंधित कानूनी प्रावधानों का उल्लंघन है। इस मामले में हरैया थाना में प्राथमिकी दर्ज कर दोनों आरोपितों के खिलाफ कानूनी शिकंजा कस दिया गया है।
हरैया थानाध्यक्ष किशन कुमार पासवान ने बताया कि इमिग्रेशन विभाग से मिली सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उन्हें न्यायालय में पेश करने के लिए भेज दिया गया है। मामले की तह तक पहुंचने के लिए जांच जारी है।सीमा सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि रक्सौल जैसे संवेदनशील अंतरराष्ट्रीय प्रवेश द्वार पर यह कार्रवाई सुरक्षा व्यवस्था की सतर्कता और मुस्तैदी का बड़ा उदाहरण है। भारत-नेपाल सीमा पर अवैध आवाजाही रोकने के लिए निगरानी और जांच अभियान लगातार जारी है।
रिपोर्ट- हिमांशु कुमार