Bihar Crime: मोतिहारी में बेखौफ चोरों का कारनामा, भगवान के चांदी के मुकुट पर किया हाथ साफ, पुलिस गश्ती पर उठे सवाल

Bihar Crime: मोतिहारी जिले में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब भगवान के दरबार भी सुरक्षित नहीं रह गए हैं।....

भगवान के मंदिर पर चोरों ने हाथ किया साफ- फोटो : reporter

Bihar Crime: मोतिहारी जिले में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब भगवान के दरबार भी सुरक्षित नहीं रह गए हैं। पुलिस गश्ती को खुली चुनौती देते हुए अज्ञात चोरों ने शहर के बेलिसराय स्थित दिव्यधाम मंदिर में चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम देकर सनसनी फैला दी। चोर मंदिर में स्थापित देवी-देवताओं के चांदी के मुकुट चुरा ले गए, जिसके बाद इलाके में आक्रोश और चर्चा का माहौल है।

जानकारी के अनुसार देर रात चोरों ने मंदिर में घुसकर मां लक्ष्मी, मां सरस्वती, मां दुर्गा, भगवान बजरंगबली और माता पार्वती की प्रतिमाओं पर सजे चांदी के मुकुटों पर हाथ साफ कर दिया। सुबह जब मंदिर के पुजारी और श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे तो मुकुट गायब देख उनके होश उड़ गए। घटना की खबर फैलते ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई।मंदिर प्रबंधन के मुताबिक चोरी हुए सभी मुकुटों का कुल वजन लगभग एक से डेढ़ किलो चांदी का है। इस दुस्साहसिक वारदात ने एक बार फिर शहर की सुरक्षा व्यवस्था और रात्रि गश्ती पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब मंदिर जैसे आस्था के केंद्र भी चोरों के निशाने पर हैं, तो आम लोगों की सुरक्षा का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है।

घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मंदिर परिसर का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ-साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान और चोरी गए मुकुटों की बरामदगी के लिए पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है।फिलहाल पुलिस का दावा है कि जल्द ही चोरों की पहचान कर उन्हें सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा। वहीं इस घटना के बाद श्रद्धालुओं में रोष है और मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग तेज हो गई है। चोरों की इस करतूत ने न केवल धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई है, बल्कि कानून-व्यवस्था पर भी बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।

रिपोर्ट- हिमांशु कुमार