‘50 ग्राम ड्रग्स रखकर फंसा दूंगा’… पुलिस अधिकारी की धमकी का वीडियो वायरल, प्रदर्शनकारी छात्र के खिलाफ थी साजिश
वीडियो में अधिकारी को कथित तौर पर यह कहते हुए सुना जा सकता है, “समझे? घर जाकर बता देना। अगर दोबारा यहां आसपास दिखाई दिए तो मुझसे बुरा कोई नहीं होगा। सीधे जेब में 50-50 ग्राम पाउडर डाल दूंगा। जिंदगी बर्बाद हो जाएगी। जमानत नहीं मिलेगी।”
Student Protest : परीक्षा में कथित अनियमितताओं के खिलाफ देशभर में जारी छात्र आंदोलन के बीच से एक चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में एक पुलिस अधिकारी को कथित तौर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों को झूठे ड्रग्स केस में फंसाने की धमकी देते हुए सुना जा सकता है। वीडियो में कथित तौर पर कुछ छात्र पुलिस वाहन के अंदर मौजूद एक अधिकारी का मोबाइल फोन से वीडियो बनाते नजर आ रहे हैं। अधिकारी कथित तौर पर छात्रों को चेतावनी देते हुए कहता है कि अगर वे दोबारा प्रदर्शन करते हुए नजर आए तो उनकी जेब में 50-50 ग्राम नशीला पाउडर डालकर उन्हें फंसा दिया जाएगा।
यह वीडियो मुंबई में हुए छात्रों के प्रदर्शन का है। वीडियो में अधिकारी को कथित तौर पर यह कहते हुए सुना जा सकता है, “समझे? घर जाकर बता देना। अगर दोबारा यहां आसपास दिखाई दिए तो मुझसे बुरा कोई नहीं होगा। सीधे जेब में 50-50 ग्राम पाउडर डाल दूंगा। जिंदगी बर्बाद हो जाएगी। जमानत नहीं मिलेगी।”
अधिकारी की कथित धमकी में NDPS Act (Narcotic Drugs and Psychotropic Substances Act) का भी संदर्भ दिखाई देता है। हालांकि, इस वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। वीडियो कब और मुंबई में किस स्थान पर रिकॉर्ड किया गया, इसकी भी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
कांग्रेस ने पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल
वीडियो सामने आने के बाद महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने पुलिस कार्रवाई की आलोचना की। उन्होंने सोशल मीडिया पर पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि छात्रों की आवाज दबाने के लिए इस स्तर तक जाना लोकतंत्र के लिए काला धब्बा है। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों के आंदोलन को दबाने के लिए दमन का सहारा लिया जा रहा है। कांग्रेस ने अपने सोशल मीडिया पर वीडियो भी शेयर किया है और पुलिस की गुंडागर्दी बताया है।
कई प्रदर्शनकारी हिरासत में
इस बीच परीक्षा व्यवस्था में कथित अनियमितताओं के खिलाफ मुंबई में बुधवार को कई जगहों पर छात्रों और प्रदर्शनकारियों ने विरोध प्रदर्शन किया। चेंबूर स्थित डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर गार्डन के पास बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी जुटे। पुलिस ने इलाके में भारी सुरक्षा व्यवस्था की थी। प्रदर्शन के दौरान कई लोगों को हिरासत में लिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ प्रदर्शनकारियों को पुलिस वाहनों में ले जाया गया और बाद में स्थानीय थाने ले जाया गया। दादर स्थित शिवसेना भवन के बाहर भी बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी जुटे और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारेबाजी की।
देशभर में जारी इस छात्र आंदोलन के बीच दिल्ली के जंतर-मंतर पर भी प्रदर्शन लगातार जारी है। आंदोलनकारी परीक्षा व्यवस्था में कथित अनियमितताओं की जांच, पारदर्शी परीक्षा प्रणाली और छात्रों की मांगों पर सरकार से जवाब की मांग कर रहे हैं। मुंबई में पुलिस अधिकारी की कथित धमकी का वीडियो सामने आने के बाद अब प्रदर्शनकारियों से निपटने के पुलिस के तरीके को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।