Bihar Crime: प्रमोशन की खुशी में शराब का दौर, गार्ड की लाइसेंसी बंदूक से छह राउंड फायरिंग, 5 बैंककर्मी गिरफ्तार

Bihar Crime: प्रमोशन की खुशी में आयोजित पार्टी उस वक्त सनसनीखेज वारदात में बदल गई, जब शराब के नशे में बैंककर्मियों पर हर्ष फायरिंग करने का आरोप लगा। ब

प्रमोशन की खुशी में शराब का दौर- फोटो : reporter

Bihar Crime: मुंगेर के कासिम बाजार थाना क्षेत्र के बेटवन बाजार में प्रमोशन की खुशी में आयोजित पार्टी उस वक्त सनसनीखेज वारदात में बदल गई, जब शराब के नशे में बैंककर्मियों पर हर्ष फायरिंग करने का आरोप लगा। बताया जा रहा है कि पार्टी के दौरान सुरक्षा गार्ड की लाइसेंसी दोनाली बंदूक निकालकर खिड़की से करीब छह राउंड फायरिंग की गई। गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरे इलाके में दहशत और अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया।

जानकारी के मुताबिक, नवादा जिले के रहने वाले सुधांशु सहाय का प्रमोशन एडिशनल ब्रांच मैनेजर के पद पर हुआ था। इसी खुशी में बेटवन बाजार स्थित उनके आवास पर पार्टी का इंतजाम किया गया था। पार्टी में आईसीआईसीआई बैंक से जुड़े राहुल कुमार साहनी, अंकित कुमार, शशांक शेखर और पड़ोसी आशीष कुमार भी मौजूद थे।

आरोप है कि पार्टी में चिकन के साथ शराब का दौर चला। नशा चढ़ने के बाद सुरक्षा में तैनात गार्ड रामबली की लाइसेंसी दोनाली बंदूक निकाल ली गई और खिड़की से फायरिंग की गई। बताया जा रहा है कि करीब छह गोलियां चलाई गईं। अचानक हुई गोलीबारी से आसपास के लोग सहम गए और स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को इत्तिला दी।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी पांच आरोपियों को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान एक दोनाली बंदूक, छह खोखे और 14 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। मुंगेर एसपी सैयद इमरान मसूद ने बताया कि गिरफ्तार सभी आरोपी आईसीआईसीआई बैंक से जुड़े हैं और नशे की हालत में लाइसेंसी हथियार से हर्ष फायरिंग किए जाने की बात सामने आई है।

पुलिस अब इस पूरे मामले की तहकीकात में जुटी है कि सुरक्षा गार्ड की लाइसेंसी बंदूक पार्टी वाले आवास तक कैसे पहुंची और उसे किस व्यक्ति ने चलाया। बरामद हथियार और कारतूस के आधार पर पुलिसिया कार्रवाई आगे बढ़ाई जा रही है।

रिपोर्ट- मो. इम्तियाज खान