Bihar Crime:बच्चों के विवाद ने लिया हिंसक रूप, दो पक्षों में जमकर मारपीट, आठ लोग घायल

Bihar Crime: मुंगेर जिले में बच्चों के बीच शुरू हुई मामूली कहासुनी ने देखते ही देखते गंभीर विवाद का रूप ले लिया।....

बच्चों के विवाद ने लिया हिंसक रूप- फोटो : reporter

Bihar Crime: मुंगेर जिले में बच्चों के बीच शुरू हुई मामूली कहासुनी ने देखते ही देखते गंभीर विवाद का रूप ले लिया। मामला इतना बढा कि गांव के दो पक्ष आमने-सामने आ गए और दोनों ओर से जमकर मारपीट हुई। इस हिंसक झडप में आठ लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए मुंगेर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद मुफस्सिल थाना क्षेत्र के महुली पंचायत अंतर्गत बुद्धनमरर टोला (टिकारामपुर) में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार देर शाम बच्चों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ था। प्रथम पक्ष के लोगों का आरोप है कि रामप्रवेश सिंह का 16 वर्षीय पुत्र सुंदर कुमार दुकान से समोसा खरीदने गया था। वहां दूसरे पक्ष के कुछ लोगों ने उसके साथ अभद्र व्यवहार करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर उसकी पिटाई कर दी गई। इसकी जानकारी मिलने के बाद रघुनंदन सिंह सहित कुछ लोग बीच-बचाव करने पहुंचे। आरोप है कि इसी दौरान दूसरे पक्ष के 10 से 15 लोगों ने उन पर हमला कर दिया।

इस घटना में प्रथम पक्ष के रघुनंदन सिंह, रणजीत सिंह, छोटू कुमार और सुंदर कुमार चोटिल हो गए। वहीं, दूसरे पक्ष ने घटना के पीछे अलग वजह बताई है। उनका कहना है कि विवाद की शुरुआत बच्चों के साइकिल चलाने को लेकर हुई थी। इसी बात पर दोनों पक्षों के बडे लोग आपस में उलझ गए और मामला मारपीट तक पहुंच गया। दूसरे पक्ष की ओर से बैजनाथ सिंह, झक्कू सिंह, सोनू कुमार और सिक्कू घायल हुए हैं।

दोनों पक्षों के बीच हुई इस हिंसक झडप के बाद गांव में अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। घटना को लेकर गांव में तनाव बना हुआ है। मामूली विवाद का इस कदर हिंसक संघर्ष में तब्दील होना स्थानीय स्तर पर चिंता का विषय बना हुआ है।

फिलहाल दोनों पक्षों की ओर से घटना के अलग-अलग कारण बताए जा रहे हैं। ऐसे में विवाद की वास्तविक वजह और मारपीट में शामिल लोगों की भूमिका जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस की कार्रवाई और जांच पर अब ग्रामीणों की निगाहें टिकी हैं।

रिपोर्ट- मो. इम्तियाज खान