Bihar News:घर लौट रही युवती की सड़क हादसे में मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
Bihar News: सारण जिले में सडक हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं।
Bihar News: सारण जिले में सडक हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं। छपरा-मुजफ्फरपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-722 पर भेल्दी थाना क्षेत्र के राजा चौक के समीप गुरुवार की शाम कार और स्कूटी की आमने-सामने की टक्कर में गंभीर रूप से घायल युवती की उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतका की पहचान रज्जूपुर टोला निवासी बच्ची सिंह की 21 वर्षीय पुत्री निशा कुमारी के रूप में हुई है। दुर्घटना के बाद कार चालक वाहन समेत घटनास्थल से फरार हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, निशा रायपुरा बाजार स्थित जेएमडी शेयर सर्विस यूनिटी स्मॉल फाइनेंस बैंक में काम करती थी। गुरुवार शाम बैंक का काम निपटाकर वह अपनी स्कूटी से घर के लिए निकली थी। इसी दौरान राजा चौक के पास मुजफ्फरपुर की दिशा से आ रही तेज रफ्तार कार ने उसकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि निशा सडक पर गिर पडी और गंभीर रूप से जख्मी हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड जुट गई, जबकि कार चालक मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया।
स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल युवती को गडखा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत चिंताजनक होने के कारण उसे बेहतर चिकित्सा के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया गया। हालांकि, तमाम प्रयासों के बावजूद उपचार के दौरान निशा की मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराई। इसके बाद शव गांव पहुंचते ही परिजनों के बीच कोहराम मच गया। मां निर्मला देवी का विलाप सुनकर वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। बहनें विपुल कुमारी, बेबी कुमारी और रूबी कुमारी अपनी छोटी बहन को खोने के गम में बदहवास हैं।
चार बहनों में सबसे छोटी निशा की असमय मौत से पूरे रज्जूपुर टोला में शोक व्याप्त है। जिस बेटी के घर लौटने का इंतजार परिवार कर रहा था, वहां अब उसका पार्थिव शरीर पहुंचा। इस हृदयविदारक हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
रिपोर्ट- धर्मेंद्र रस्तोगी