Bihar crime:लूट की वारदात के बाद दूसरी घटना की फिराक में थे अपराधी, पुलिस ने हथियार और लूट के सामान के साथ दो को दबोचा
Bihar crime: मुजफ्फरपुर में अपराध की एक और वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहे दो शातिर बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। ..
Bihar crime: मुजफ्फरपुर में अपराध की एक और वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहे दो शातिर बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। औराई थाना की पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर रतवारा पुल के समीप घेराबंदी कर दोनों को दबोचा। तलाशी के दौरान उनके पास से एक देसी पिस्टल, चार जिंदा कारतूस, चोरी की बाइक, लूट की नकदी और अन्य सामान बरामद किए गए। हालांकि, पुलिस की कार्रवाई के दौरान उनके कुछ अन्य सहयोगी मौके से भागने में सफल रहे।
दरअसल, बीते 10 नवंबर को औराई थाना क्षेत्र के मकसूदपुर बाजार के पास बाइक सवार अपराधियों ने हथियार का भय दिखाकर एक एक्सप्रेस बीज डिलीवरी कर्मी से नकदी और मोबाइल फोन लूट लिया था। घटना के बाद पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू की और अपराधियों की पहचान तथा गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई तेज कर दी थी।
इसी बीच 11 नवंबर को पुलिस को सूचना मिली कि कुछ हथियारबंद अपराधी बाइक पर सवार होकर रतवारा पुल के पास किसी नई वारदात को अंजाम देने की तैयारी में जुटे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ ईस्ट वन अलय वत्स ने औराई थाना पुलिस को तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया। इसके बाद पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर पहुंचकर घेराबंदी की और दो संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया।पकडे गए आरोपितों की पहचान रामपुरहरी थाना क्षेत्र के निकेत कुमार और औराई थाना क्षेत्र के विकास कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से एक देसी पिस्टल, चार कारतूस, चोरी की एक बाइक, लूट की नकदी तथा अन्य सामान जब्त किया है। वहीं, फरार हुए अन्य अपराधियों की तलाश में पुलिस की छापेमारी जारी है।
मामले में ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने यह कार्रवाई की है। गिरफ्तार दोनों आरोपितों से पूछताछ के दौरान मकसूदपुर बाजार के समीप डिलीवरी कर्मी के साथ हुई लूट की घटना में उनकी संलिप्तता सामने आई है। दोनों ने पूछताछ में इस वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की है।पुलिस अब गिरफ्तार आरोपितों के आपराधिक इतिहास, उनके अन्य सहयोगियों और संभावित वारदातों में उनकी भूमिका की जानकारी जुटा रही है। फरार बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई को इलाके में सक्रिय अपराधियों के विरुद्ध महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा