होली में पिचकारी की जगह निकला पिस्टल, ताबड़तोड़ फायरिंग से दहला इलाका, भारी पुलिस बल तैनात

Bihar Crime: होली से ठीक पहले रंग और अबीर की जगह गोलियों की गूंज ने बिहार को दहला दिया।..

होली में पिचकारी की जगह निकला पिस्टल- फोटो : reporter

Bihar Crime: होली से ठीक पहले रंग और अबीर की जगह गोलियों की गूंज ने बिहार को दहला दिया। मुंगेर के धरहरा प्रखंड स्थित इस गांव में बीती देर रात मामूली विवाद ने खूनी शक्ल अख्तियार कर ली। कई राउंड फायरिंग से पूरा इलाका थर्रा उठा। हालांकि गनीमत रही कि इस सनसनीखेज वारदात में कोई जानमाल की हानि नहीं हुई, लेकिन दहशत का साया अब भी कायम है।

पीड़ित रामाशीष यादव के मुताबिक गांव में नीरज सिंह और टुनटुन यादव के बेटों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। उन्होंने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया और दोनों पक्षों को घर भेज दिया। लेकिन आधे घंटे बाद हालात ने खौफनाक मोड़ ले लिया। आरोप है कि नीरज सिंह कई लोगों के साथ उनके दरवाजे पर आ धमका और ताबड़तोड़ गोलियां चलाने लगा।

फायरिंग की आवाज से अफरा-तफरी मच गई। जान बचाने के लिए रामाशीष यादव जमीन पर गिर पड़े। इसी दौरान एक पत्थर उनके सिर पर आ लगा, जिससे वे जख्मी हो गए। परिजन उन्हें आनन-फानन में घर ले गए और तत्काल एसपी को फोन कर मदद की गुहार लगाई। सूचना मिलते ही धरहरा थाना की टीम मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल में भर्ती कराया।

घटनास्थल से पुलिस ने कई खोखा और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि गोलीबारी की सूचना मिलते ही वे दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। इलाके में पुलिस कैंप कर रही है और हालात पर पैनी नजर रखी जा रही है।

गांव में तनाव का माहौल है। होली की खुशियां मातम में तब्दील होने से बाल-बाल बचीं। पुलिस का कहना है कि दोषी कोई भी हो, बख्शा नहीं जाएगा। सीसीटीवी और चश्मदीदों के बयान के आधार पर तफ्तीश जारी है। रंगों के त्योहार से पहले गोलियों की गूंज ने कानून-व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

रिपोरट- मो. इम्तियाज खान