शिवम हत्याकांड में पुलिस जांच पर उठे सवाल, पांच दिन बाद भी खुलासा नहीं, थाना परिसर में परिजनों का हंगामा, एसपी ने दिए जांच के आदेश
Bihar Crime: मुंगेर के चर्चित शिवम हत्याकांड ने अब पुलिसिया कार्रवाई को लेकर नई बहस छेड़ दी है। हत्या के पांच दिन बाद भी मामले में कोई बड़ा खुलासा नहीं होने से मृतक के परिजनों का सब्र जवाब दे गया।
Bihar Crime: मुंगेर के चर्चित शिवम हत्याकांड ने अब पुलिसिया कार्रवाई को लेकर नई बहस छेड़ दी है। हत्या के पांच दिन बाद भी मामले में कोई बड़ा खुलासा नहीं होने से मृतक के परिजनों का सब्र जवाब दे गया।जमालपुर थाना क्षेत्र के खलासी मोहल्ला निवासी 16 वर्षीय छात्र शिवम कुमार की हत्या के मामले में मंगलवार को परिजन और स्थानीय लोग थाने पहुंचे और पुलिस से जवाब मांगा। उनका सवाल था कि आखिर जांच किस दिशा में आगे बढ़ रही है और अब तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी क्यों नहीं हुई।
इसी दौरान थाना परिसर में पुलिस और परिजनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया। हंगामे की सूचना पर सर्किल इंस्पेक्टर एस.एन. मंडल मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया।परिजनों का आरोप है कि पुलिस मामले में गंभीरता नहीं दिखा रही है और उनके साथ उचित व्यवहार भी नहीं किया गया। वहीं पुलिस का कहना है कि जांच कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर जारी है।सूत्रों के अनुसार, पुलिस कॉल डिटेल रिकॉर्ड के आधार पर दो छात्रों से पूछताछ कर रही है। इसके अलावा जांच के दौरान मिले एक कथित प्रेम पत्र को भी पुलिस अहम सुराग मानकर जांच कर रही है। हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
मामला तूल पकड़ने के बाद एसपी सैयद इमरान मसूद ने पूरे घटनाक्रम का संज्ञान लिया है। उन्होंने वायरल वीडियो की जांच के आदेश दिए हैं। पीड़ित परिवार ने थाना कर्मियों पर धक्का-मुक्की और अभद्र व्यवहार का आरोप लगाया है।एसपी ने जांच की जिम्मेदारी साइबर डीएसपी राकेश रंजन को सौंपी है। उन्होंने कहा है कि जांच रिपोर्ट में यदि कोई पुलिसकर्मी दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल मुंगेर की जनता और पीड़ित परिवार की निगाहें पुलिस जांच पर टिकी हैं। सबसे बड़ा सवाल यही है कि शिवम की हत्या का राज कब खुलेगा और दोषी कब कानून के शिकंजे में आएंगे।
रिपोर्ट- मो. इम्तियाज खान