Bihar News: भगवान राम-लक्ष्मण-हनुमान के चांदी के मुकुट चोरो ने उड़ाए, मंदिर में चोरी से इलाके में सनसनी

Bihar News: मुंगेर में एक बार फिर बेखौफ चोरों ने आस्था पर हाथ डालते हुए मंदिर को निशाना बना लिया।...

भगवान राम-लक्ष्मण-हनुमान के चांदी के मुकुट चोरो ने उड़ाए- फोटो : reporter

Bihar News: मुंगेर में एक बार फिर बेखौफ चोरों ने आस्था पर हाथ डालते हुए मंदिर को निशाना बना लिया। कोतवाली थाना क्षेत्र के शादीपुर स्थित एक मंदिर से भगवान की प्रतिमाओं पर सजे चांदी के मुकुट चोरी हो जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस वारदात के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और स्थानीय लोगों में भारी नाराज़गी देखी जा रही है।

बताया जा रहा है कि अज्ञात चोरों ने मंदिर में स्थापित भगवान राम, लक्ष्मण और हनुमान की प्रतिमाओं पर लगे चांदी के मुकुट बड़ी चालाकी से पार कर दिए। चोरी की इस घटना ने श्रद्धालुओं की भावनाओं को भी गहरा आघात पहुंचाया है।

मंदिर के पुजारी तेज नारायण ठाकुर के मुताबिक शनिवार की सुबह जब वह रोज की तरह पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे थे, तब प्रतिमाओं के सिर पर चांदी के मुकुट सुरक्षित मौजूद थे। लेकिन शाम को आरती के वक्त जब वह दोबारा मंदिर पहुंचे तो नज़ारा देखकर उनके होश उड़ गए। भगवान की प्रतिमाओं के सिर से मुकुट गायब थे।

इसके बाद पुजारी ने तुरंत आसपास के लोगों को इसकी खबर दी। देखते ही देखते मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुट गए और घटना को लेकर गुस्सा जाहिर करने लगे। लोगों का कहना है कि लगातार मंदिरों को निशाना बनाए जाने से इलाके में भय और आक्रोश का माहौल बन गया है।

सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मंदिर परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं ताकि चोरों की पहचान की जा सके।

थानाध्यक्ष राजीव कुमार तिवारी ने बताया कि मामले की गहन तफ्तीश की जा रही है। संदिग्ध लोगों की पहचान कर जल्द ही चोरों को सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि पिछले तीन दिनों के भीतर जिले में तीन मंदिरों को चोरों ने निशाना बनाया था, जिनमें से कुछ मामलों का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा भी किया है।

फिलहाल पुलिस इस ताज़ा वारदात को लेकर हर एंगल से जांच कर रही है। वहीं स्थानीय लोग जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी और मंदिरों की सुरक्षा बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर धार्मिक स्थलों की सुरक्षा को लेकर व्यवस्था कितनी मजबूत है।

रिपोर्ट- मो. इम्तियाज खान