मोतिहारी में प्रेम प्रसंग में गई जान ! जलसा देखकर लौट रहे युवक की चाकू मारकर हत्या

मोतिहारी में हत्या के एक सनसनीखेज मामले में इसके पीछे प्रेम प्रसंग की आशंका व्यक्त की जा रही है. एक युवक की चाकू मारकर निर्मम हत्या से पूरे इलाके में तरह तरह के चर्चाएँ हैं.

murder in Motihari- फोटो : news4nation

Bihar News : पूर्वी चंपारण के मोतिहारी जिले में जलसा देखकर घर लौट रहे एक युवक की चाकू गोदकर निर्मम हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। सूचना मिलते ही पकड़ीदयाल डीएसपी कुमार चंदन के नेतृत्व में मधुबन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया। पुलिस ने मामले में तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।


घटना मधुबन थाना क्षेत्र के गुलाब खान गांव की बताई जा रही है। मृतक की पहचान पप्पू खान के पुत्र फहद खान के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। हालांकि, सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।


ग्रामीणों ने बताया कि बुधवार रात गांव में आयोजित जलसा के दौरान फहद खान का फरहान खान और मोहम्मद सलीम के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। हालांकि, मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया था। बताया जा रहा है कि जलसा समाप्त होने के बाद घर लौटने के दौरान फहद खान पर हमला किया गया, जिसमें उसकी मौत हो गई।


घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और जांच शुरू कर दी। पुलिस हत्या के कारणों और आरोपियों की भूमिका की गहन पड़ताल कर रही है। साथ ही घटना में शामिल अन्य संदिग्धों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।


पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हिमांशु की रिपोर्ट