Bihar Crime:बाल गृह से 10 बच्चे गायब! एक साथ फरार होने की खबर से प्रशासन में हड़कंप

Bihar Crime:बृहद आश्रय गृह से एक साथ 10 बच्चे रहस्यमय तरीके से लापता हो गए हैं।....

बाल गृह से 10 बच्चे गायब!- फोटो : reporter

Bihar Crime: एक बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आई है, जहां मुजफ्फरपुर के मुसहरी थाना क्षेत्र स्थित बृहद आश्रय गृह से एक साथ 10 बच्चे रहस्यमय तरीके से लापता हो गए हैं। इस घटना के सामने आते ही प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है और पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

मामला नरौली बृहद आश्रय गृह का बताया जा रहा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार 10 मई को आश्रय गृह में रह रहे 10 बच्चे अचानक गायब पाए गए। प्रशासन का कहना है कि सभी बच्चे एक साथ बाल गृह से भाग निकले हैं, हालांकि इस पूरे घटनाक्रम ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही मुसहरी थाना पुलिस और जिला प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। अनुमंडल पदाधिकारी (पूर्वी) तुषार कुमार खुद जांच के लिए आश्रय गृह पहुंचे और पूरे मामले की पड़ताल शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास के इलाकों में सर्च अभियान चला रही है और बच्चों की तलाश में जुटी हुई है।

सूत्रों के मुताबिक घटना के बाद आश्रय गृह की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। आखिर एक साथ 10 बच्चे कैसे गायब हो गए? क्या यह सिर्फ भागने का मामला है या इसके पीछे कोई बड़ी लापरवाही अथवा साजिश छिपी है? इन सवालों को लेकर प्रशासनिक स्तर पर गहन जांच शुरू कर दी गई है।स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस संस्था की जिम्मेदारी बच्चों की सुरक्षा और देखभाल की है, वहां से इतने बच्चों का एक साथ गायब होना बेहद गंभीर मामला है। घटना ने बाल सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है।

फिलहाल पुलिस आश्रय गृह में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा रही है। प्रशासन का दावा है कि जल्द ही सभी बच्चों को सुरक्षित बरामद कर लिया जाएगा। इस घटना ने पूरे बिहार में बाल संरक्षण व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि आखिर 10 बच्चों के गायब होने के पीछे की असली कहानी क्या है और प्रशासन कब तक उन्हें सुरक्षित वापस ला पाता है।


रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा