Bihar Crime: कोचिंग के बहाने निकले दो सगे भाई रहस्यमयी तरीके से गायब, अनहोनी की आशंका से परिवार में मचा हड़कंप

Bihar Crime:घर से कोचिंग जाने के लिए निकले दो किशोर भाई अचानक रहस्यमयी ढंग से लापता हो गए।...

दो सगे भाई रहस्यमयी तरीके से गायब- फोटो : reporter

Bihar Crime: कोचिंग जाने के लिएनिकले दो किशोर भाई अचानक रहस्यमयी ढंग से लापता हो गए। इस घटना के बाद परिजनों के बीच अनहोनी की आशंका को लेकर हड़कंप मच गया है, वहीं पूरे इलाके में दहशत और चिंता का माहौल है। यह मामला मुजफ्फरपुर  के आईजी कॉलोनी का है, जहां साहेबगंज थाना क्षेत्र के रहने वाले श्याम कुमार अपने परिवार के साथ किराये के मकान में रहते हैं। वह जूरन छपरा में निजी नौकरी कर किसी तरह अपने बच्चों की पढ़ाई-लिखाई और परिवार का पालन-पोषण कर रहे हैं।

बताया जा रहा है कि उनके दोनों बेटे 13 वर्षीय तेजस्वी कुमार और 9 वर्षीय त्रिशांत कुमार बीते शाम को घर से कोचिंग जाने के लिए निकले थे। दोनों को नूनफर स्थित कोचिंग सेंटर पहुंचना था, लेकिन हैरानी की बात यह है कि वे वहां पहुंचे ही नहीं।

सूत्रों के मुताबिक, कुछ देर बाद दोनों बच्चे वापस कमरे पर आए थे, लेकिन उस वक्त कमरा बंद मिला। इसके बाद दोनों कहां गए, यह अब तक रहस्य बना हुआ है। काफी देर तक जब बच्चे घर नहीं लौटे, तो परिजनों की बेचैनी बढ़ गई और उन्होंने खुद ही खोजबीन शुरू कर दी।

घंटों तलाश के बावजूद जब दोनों का कोई सुराग नहीं मिला, तो परिजन घबराकर सदर थाना पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई है और मामले की जांच तेज कर दी गई है।

फिलहाल पुलिस आसपास के इलाकों में छानबीन, सीसीटीवी फुटेज खंगालने और संभावित जगहों पर तलाश में जुटी है। वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और हर पल किसी अनहोनी की आशंका उन्हें सता रही है। यह घटना एक बार फिर बच्चों की सुरक्षा को लेकर बड़े सवाल खड़े कर रही है। आखिर दोनों मासूम अचानक कहां गायब हो गए यह सवाल अब पूरे इलाके के लिए पहेली बन चुका है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही दोनों बच्चों का सुराग लगाकर मामले का खुलासा किया जाएगा।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा