Bihar Crime: रंग बना जिंदगी का दुश्मन, शादी नहीं होने की चर्चा के बीच युवती ने दी जान, परिवार में मातम

Bihar Crime: काले रंग के कारण रिश्ता नहीं होने की बात पर डिप्रेशन में आई युवती ने जान दे दी।...

रंग बना जिंदगी का दुश्मन- फोटो : reporter

Muzaffarpur:  जिले के गायघाट थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां 22 वर्षीय एक युवती ने अपने ही घर में फंदे से लटककर जान दे दी। घटना के बाद पूरे परिवार में कोहराम मच गया, जबकि गांव में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, स्थानीय लोगों का कहना है कि युवती की शादी लंबे समय से तय नहीं हो पा रही थी और इसके पीछे उसके सांवले रंग को वजह बताया जा रहा था। इसी कारण वह मानसिक तनाव में थी। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।

मृतका की पहचान अंशु कुमारी के रूप में हुई है, जो गायघाट थाना क्षेत्र के मकरंदपुर गांव की रहने वाली थी। बताया जा रहा है कि मंगलवार को उसने अपने घर के अंदर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। बुधवार सुबह जब परिजनों की नजर उस पर पड़ी तो घर में चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में इसकी सूचना गायघाट थाना पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को भी बुलाया गया। एफएसएल ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए, जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच कर रही है ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।स्थानीय लोगों के अनुसार, अंशु कुमारी का रंग सांवला होने के कारण कई वर्षों से विवाह के प्रयास सफल नहीं हो पा रहे थे। इसी वजह से वह मानसिक तनाव में रहने लगी थी। हालांकि, यह जानकारी स्थानीय लोगों के हवाले से सामने आई है और इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

मामले पर एसडीपीओ (ईस्ट-2) मनोज कुमार सिंह ने बताया कि युवती के फंदे से लटककर आत्महत्या करने की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्रित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि आसपास के लोगों ने पुलिस को बताया है कि विवाह नहीं होने के कारण युवती तनाव में थी, लेकिन फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।एसडीपीओ ने यह भी बताया कि अभी तक परिजनों की ओर से कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने और जांच पूरी होने के बाद विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।यह घटना समाज के सामने एक गंभीर सवाल भी खड़ा करती है कि बाहरी रूप-रंग को लेकर बनी सामाजिक धारणाएं और विवाह से जुड़ा दबाव कई बार लोगों के मानसिक स्वास्थ्य पर गहरा असर डाल सकते हैं। हालांकि, इस मामले में आत्महत्या के कारणों की अंतिम पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा