Bihar Crime: स्कूल के गेट पर 50 लाख की रंगदारी की चिट्ठी, 18 राउंड फायरिंग से कांपा कांटी
Bihar Crime:निजी स्कूल के गेट पर 50 लाख रुपये की रंगदारी की चिट्ठी चिपकाकर ताबड़तोड़ फायरिंग किए जाने के मामले ने पुलिस महकमे में खलबली मचा दी है।
Bihar Crime: मुजफ्फरपुर के कांटी थाना क्षेत्र में निजी स्कूल के गेट पर 50 लाख रुपये की रंगदारी की चिट्ठी चिपकाकर ताबड़तोड़ फायरिंग किए जाने के मामले ने पुलिस महकमे में खलबली मचा दी है। दो दिन पहले अहले सुबह बाइक सवार दो अपराधियों ने चंद्रशिला विद्यापीठ के मुख्य गेट पर कथित रंगदारी पत्र चिपकाया और करीब 18 राउंड गोलियां चलाकर इलाके में दहशत फैला दी। वारदात के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए।
इत्तिला मिलते ही कांटी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। एसडीपीओ वेस्ट-1 सुचित्रा कुमारी के साथ एफएसएल की टीम ने भी घटनास्थल का मुआयना किया और गोलीबारी से जुड़े साक्ष्यों को जुटाया। पुलिस ने मौके से मिले सबूतों के आधार पर अपराधियों तक पहुंचने की कवायद तेज कर दी है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सोमवार को मुजफ्फरपुर के पुलिस कप्तान कांतेश कुमार मिश्रा खुद घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने स्कूल परिसर और आसपास के इलाके का जायजा लिया तथा जांच में जुटे पुलिस अधिकारियों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। एसएसपी ने संबंधित अधिकारियों को कई अहम दिशा-निर्देश देते हुए जल्द मामले का उद्भेदन करने का निर्देश दिया।
पुलिस जांच में यह बात भी सामने आई है कि जिस निजी स्कूल को निशाना बनाकर रंगदारी की धमकी दी गई, उसके प्रबंधक का स्थानीय कुछ लोगों से पहले से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। ऐसे में पुलिस रंगदारी की वारदात के पीछे जमीन विवाद समेत तमाम संभावित वजहों को खंगाल रही है। पुलिस अपराधियों की पहचान और वारदात के मकसद का पता लगाने के लिए सभी बिंदुओं पर तफ्तीश कर रही है।
घटनास्थल पर पहुंचे एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया कि दो दिन पहले बाइक से पहुंचे दो अपराधियों ने निजी स्कूल के गेट पर 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगे जाने से संबंधित पत्र चिपकाया और गोलीबारी की। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं।पुलिस कप्तान ने भरोसा दिलाया कि मामले की जांच तेजी से चल रही है और जल्द ही इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा कर अपराधियों को कानून के शिकंजे में लिया जाएगा।
रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा