Bihar Crime: बिहार में हथियारों का प्रदर्शन, पिस्टल लोड करते और रिवॉल्वर में गोलियां भरते वीडियो वायरल
Bihar Crime: हथियारों के प्रदर्शन से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।...
Bihar Crime: मुजफ्फरपुर में हथियारों के प्रदर्शन से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। वायरल वीडियो में एक युवक पिस्टल लोड करता हुआ नजर आ रहा है, जबकि दूसरे वीडियो में रिवॉल्वर में गोलियां भरते हुए दिखाई दे रहा है। इसके अलावा कुछ तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर वायरल हैं, जिनमें एक युवक बाघ के साथ नजर आ रहा है।
बताया जा रहा है कि ये वीडियो और तस्वीरें इंस्टाग्राम पर ‘राज झा’ नाम के हैंडल से शेयर की गई हैं। सोशल मीडिया पोस्ट के आधार पर वायरल वीडियो में नजर आ रहे युवक की पहचान अहियापुर थाना क्षेत्र के बैरिया निवासी राज झा के रूप में बताए जाने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक युवक की पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुट गई है। पुलिस सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट की सत्यता की जांच करने के साथ वीडियो में दिखाई दे रहे हथियारों की भी पड़ताल कर रही है। जांच का अहम पहलू यह है कि वीडियो में दिख रहे हथियार वास्तविक हैं या किसी तरह के नकली हथियार।
यदि हथियार वास्तविक पाए जाते हैं तो पुलिस यह पता लगाने में जुटेगी कि वे युवक तक कैसे पहुंचे और उनके पास इन्हें रखने या इस्तेमाल करने का कोई वैध आधार है या नहीं। पुलिस वीडियो के स्रोत, सोशल मीडिया अकाउंट और युवक की कथित पहचान से जुड़े तथ्यों को भी खंगाल रही है।फिलहाल वायरल वीडियो को लेकर आधिकारिक तौर पर हथियारों की प्रकृति और युवक की पहचान की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि वीडियो में दिखाए गए हथियार असली और अवैध हैं या नहीं। यदि जांच में आरोपों की पुष्टि होती है तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई की जा सकती है।
रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा