मुजफ्फरपुर में सनसनी: घर के पास मिला 9 वर्षीय मासूम का शव, गला दबाकर हत्या की आशंका
9 वर्षीय किशोर एम डी फरमान का शव उसके घर के समीप से ही बरामद किया गया है। मासूम की संदिग्ध मौत की खबर फैलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
Muzaffarpur - : जिले के बरूराज थाना क्षेत्र अंतर्गत कमालपुर खजूरबनी गांव में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहाँ 9 वर्षीय किशोर एम डी फरमान का शव उसके घर के समीप से ही बरामद किया गया है। मासूम की संदिग्ध मौत की खबर फैलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलते ही पुलिस बल के साथ एसडीपीओ वेस्ट सुचित्रा कुमारी ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
गला दबाकर हत्या की आशंका
घटनास्थल का मुआयना करने के बाद पुलिस ने प्रारंभिक तौर पर इसे हत्या का मामला माना है। एसडीपीओ वेस्ट सुचित्रा कुमारी ने बताया कि किशोर के शरीर के निशानों और स्थिति को देखते हुए प्रथम दृष्टया यह प्रतीत होता है कि उसकी गला दबाकर हत्या की गई है। हालांकि, हत्या के पीछे के कारणों और अपराधियों की पहचान के लिए पुलिस तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय इनपुट का सहारा ले रही है।
परिजनों में चीख-पुकार, जांच में जुटी पुलिस
फरमान का शव घर के इतने करीब मिलने से परिजन और ग्रामीण स्तब्ध हैं। घटना के बाद से गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का खुलासा होगा। फिलहाल पुलिस आपसी रंजिश समेत सभी संभावित बिंदुओं पर जांच कर रही है ताकि मासूम के कातिलों को जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजा जा सके।
Report - mani bhushan sharma