Bihar BDO Wife Death Case: महिला दारोगा अन्नू कुमारी गिरफ्तार, BDO के बाद अब प्रेमिका सलाखों के पीछे, पत्नी की संदिग्ध मौत मामले में पुलिस का बड़ा एक्शन
Bihar BDO Wife Death Case: मुजफ्फरपुर में बीडीओ की पत्नी की संदिग्ध मौत के चर्चित मामले में पुलिस ने जांच को तेज करते हुए बड़ा कदम उठाया है।...
Bihar BDO Wife Death Case: मुजफ्फरपुर में बीडीओ की पत्नी की संदिग्ध मौत के चर्चित मामले में पुलिस ने जांच को तेज करते हुए बड़ा कदम उठाया है। आरोपी बीडीओ की गिरफ्तारी के बाद अब उसकी कथित प्रेमिका अन्नू कुमारी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। इस कार्रवाई के बाद पूरे मामले ने नया मोड़ ले लिया है और पुलिस की तफ्तीश का दायरा और व्यापक हो गया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अन्नू कुमारी मूल रूप से सीतामढ़ी जिले के सुरसंड की रहने वाली है। वर्तमान में वह बेगूसराय जिले के एक थाने में सब-इंस्पेक्टर (दारोगा) के पद पर कार्यरत है। टीम ने उसे सीतामढ़ी से हिरासत में लेकर पूछताछ के बाद विधिसम्मत कार्रवाई शुरू कर दी है। अब जांच एजेंसियां उसके और आरोपी बीडीओ के बीच संबंधों, कॉल डिटेल, डिजिटल साक्ष्यों और अन्य अहम पहलुओं की बारीकी से पड़ताल कर रही हैं।
यह पूरा मामला उस वक्त सुर्खियों में आया था, जब बीडीओ की पत्नी अमृता कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। घटना के बाद मृतका के भाई ने संबंधित थाने में बीडीओ समेत कई लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। परिजनों ने इसे सामान्य मौत मानने से इनकार करते हुए गहरी साजिश और निष्पक्ष जांच की मांग की थी।
प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने विभिन्न पहलुओं पर तफ्तीश शुरू की। जांच के दौरान मिले साक्ष्यों और तकनीकी इनपुट के आधार पर पहले आरोपी बीडीओ को गिरफ्तार किया गया। अब कथित प्रेमिका अन्नू कुमारी की गिरफ्तारी के बाद इस मामले में कई नए राज खुलने की संभावना जताई जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना से पहले और बाद में दोनों के बीच क्या बातचीत हुई थी और क्या इस पूरे घटनाक्रम में किसी अन्य व्यक्ति की भी भूमिका रही है।
फिलहाल पुलिस मामले की हर कड़ी को जोड़ने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि वैज्ञानिक साक्ष्यों, डिजिटल रिकॉर्ड और पूछताछ में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, मृतका के परिजनों ने सभी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग दोहराई है। अब इस हाई-प्रोफाइल मामले में सबकी निगाहें पुलिस की अगली कार्रवाई और जांच के निष्कर्ष पर टिकी हैं।
रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा