Bihar fire incident: मुजफ्फरपुर में आग का कहर, घर में लगी लपटों ने ली एक शख्स की जिंदा जान
Bihar fire incident: एक दर्दनाक और रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है, जहां अहले सुबह आग की भयानक लपटों ने एक मासूम जिंदगी को निगल लिया।...
Muzaffarpur: जिला से एक दर्दनाक और रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है, जहां अहले सुबह आग की भयानक लपटों ने एक मासूम जिंदगी को निगल लिया। जैतपुर थाना क्षेत्र के खैरा गांव के वार्ड संख्या 10 में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक फूस के घर में अचानक आग भड़क उठी और घर में सो रहे 45 वर्षीय राकेश राय जिंदा जल गए।
बताया जा रहा है कि पूरा गांव गहरी नींद में था, तभी अचानक राकेश राय के कच्चे आशियाने से धुआं और आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और फूस का घर धधकती चिता में तब्दील हो गया। हालात इतने संगीन थे कि अंदर सो रहे राकेश राय को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल सका और वो आग की जद में आकर जिंदा जल गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार और मातम का माहौल बन गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
स्थानीय लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी भयंकर थी कि किसी की हिम्मत अंदर जाने की नहीं हुई। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। लेकिन तब तक सब कुछ जलकर राख हो चुका था। घर का सामान, आशियाना और एक जिंदगी सब आग की भेंट चढ़ गए।
इस दर्दनाक हादसे को लेकर अब मामला और भी संदिग्ध होता नजर आ रहा है। पीड़ित परिवार ने साजिश के तहत आग लगाए जाने की आशंका जताई है, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। वहीं पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर डेरा डाले हुए है और हर पहलू से जांच की जा रही है। फिलहाल यह हादसा था या किसी साजिश का हिस्सा, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो पाएगा। लेकिन इस आग ने एक परिवार से उनका सहारा छीन लिया और पूरे गांव को गमगीन कर दिया।
रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा