Bihar Crime: मुजफ्फरपुर में खौफनाक मंजर, खेत में मिला युवक का लहूलुहान शव, हत्या कर फेंके जाने की आशंका, इलाके में सनसनी

Bihar Crime:मुजफ्फरपुर में सुबह-सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब खेत में एक अज्ञात युवक का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।...

मुजफ्फरपुर में खौफनाक मंजर- फोटो : reporter

Bihar Crime:बिहार के मुजफ्फरपुर में सुबह-सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब खेत में एक अज्ञात युवक का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना अहियापुर थाना क्षेत्र के फतेहपुर गांव की है, जहां अहले सुबह ग्रामीणों की नजर खेत में पड़े लहूलुहान शव पर पड़ी। देखते ही देखते खबर आग की तरह फैली और घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई।

मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है, लेकिन शुरुआती तस्वीरें कई सवाल खड़े कर रही हैं। मृतक के शरीर पर गहरे जख्म के कई निशान पाए गए हैं। स्थानीय लोगों का कयास है कि युवक की बेरहमी से हत्या कर शव को यहां लाकर फेंका गया है। कुछ लोग चाकू से वार की आशंका जता रहे हैं, तो कुछ गोली मारकर हत्या किए जाने की चर्चा कर रहे हैं। हालांकि पुलिस ने अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है।

घटना की सूचना मिलते ही अहियापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और इलाके को घेरकर छानबीन शुरू की। फॉरेंसिक जांच के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया, ताकि साक्ष्यों का वैज्ञानिक संकलन किया जा सके। मगर कई घंटे बीत जाने के बावजूद टीम के मौके पर नहीं पहुंचने से जांच की रफ्तार पर सवाल उठ रहे हैं। इसी कारण शव को पोस्टमार्टम के लिए भी देर तक नहीं भेजा जा सका।

इलाके में तनाव का माहौल है और पुलिस पहचान की कोशिश में जुटी है। आसपास के थानों में गुमशुदगी की रिपोर्ट भी खंगाली जा रही है। प्रशासन का कहना है कि हर एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।फिलहाल यह वारदात कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है। पुलिस अलर्ट मोड में है और पूरे क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा