Bihar Crime:हर्ष फायरिंग से गूंजी बारात, तीन लोगों को लगी गोली, दहशत में बदला जश्न

Bihar Crime:शादी समारोह के दौरान खुशियों का माहौल उस वक्त चीख-पुकार में तब्दील हो गया, जब बारात लगने के दौरान कथित तौर पर हुई हर्ष फायरिंग में तीन लोगों को गोली लग गई।...

तीन लोगों को लगी गोली- फोटो : reporter

Bihar Crime: मुजफ्फरपुर में शादी समारोह के दौरान खुशियों का माहौल उस वक्त चीख-पुकार में तब्दील हो गया, जब बारात लगने के दौरान कथित तौर पर हुई हर्ष फायरिंग में तीन लोगों को गोली लग गई। यह सनसनीखेज घटना साहेबगंज थाना क्षेत्र के परसौनी जहाँगीर वार्ड-21 की है, जहां देखते ही देखते जश्न का माहौल अफरा-तफरी और दहशत में बदल गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, केसरिया थाना क्षेत्र के जगीराहा गांव से बारात परसौनी जहाँगीर पहुंची थी। बारात के स्वागत और रस्मों के दौरान अचानक कई राउंड फायरिंग होने लगी। प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि नशे में धुत एक युवक ने हथियार निकालकर हर्ष फायरिंग शुरू कर दी। इसी दौरान चली गोलियों की चपेट में टेंट संचालक समेत तीन लोग आ गए। घायलों में अनिल पासवान, जो टेंट संचालक बताए जा रहे हैं, को गंभीर हालत में इलाज के लिए एसकेएमसीएच, मुजफ्फरपुर में भर्ती कराया गया है। वहीं दो अन्य घायलों को बेहतर इलाज के लिए अलग-अलग अस्पतालों, जिनमें मोतिहारी भी शामिल है, ले जाए जाने की सूचना है। हालांकि उनकी पहचान और स्वास्थ्य की विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

घटना की खबर मिलते ही साहेबगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की तहकीकात शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया, लेकिन मौके से कोई खोखा बरामद नहीं होने की बात कही है। यही वजह है कि पुलिस फिलहाल तीन लोगों को गोली लगने की पुष्टि करने से बच रही है और हर पहलू से जांच कर रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि एक घायल का इलाज एसकेएमसीएच में चल रहा है, जबकि अन्य दो के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि फायरिंग किसने और किन परिस्थितियों में की। इस घटना ने एक बार फिर शादी समारोहों में हथियारों के खुले प्रदर्शन और हर्ष फायरिंग की खतरनाक प्रवृत्ति पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा