Bihar Crime: बिहार में अपराधियों का तांडव जारी, SSB जवान के बेटे को बदमाशों ने मारी गोली, अस्पताल में जिंदगी-मौत की जंग, इलाके में सनसनी

Bihar Crime: बिहार में देर रात उस वक्त दहशत फैल गई, जब अचानक हुई फायरिंग से इलाका थर्रा उठा।....

SSB जवान के बेटे को बदमाशों ने मारी गोली- फोटो : reporter

Bihar Crime: बिहार में देर रात उस वक्त दहशत फैल गई, जब अचानक हुई फायरिंग से इलाका थर्रा उठा। गोली लगते ही युवक सड़क पर लहूलुहान होकर गिर पड़ा और देखते ही देखते मौके पर अफरा-तफरी मच गई।मुजफ्फरपुर जिले के अहियापुर थाना क्षेत्र में गुरुवार को शहबाजपुर मस्जिद के पास बेख़ौफ़ बदमाशों ने एक युवक को गोली मार दी। 

गंभीर रूप से घायल युवक को आनन-फानन में बैरिया स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत अब भी नाजुक बनी हुई है। घायल युवक की पहचान सीतामढ़ी जिले के बथनाहा थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुर वार्ड निवासी, SSB जवान उमेश कुमार के 18 वर्षीय पुत्र शिवम कुमार के रूप में हुई है। शिवम के पिता फिलहाल अररिया में एसएसबी में तैनात हैं, जबकि शिवम अपनी मां के साथ शहबाजपुर में रहकर पढ़ाई कर रहा था। वह एलएस कॉलेज से बीएससी की पढ़ाई कर रहा है।

मिली जानकारी के मुताबिक, शिवम बुधवार रात घर से पैदल ही एक बर्थडे पार्टी में शामिल होने निकला था। जैसे ही वह शहबाजपुर मस्जिद के पास पहुंचा, पहले से घात लगाए अपराधियों ने उस पर अचानक फायरिंग कर दी। एक गोली सीधे उसके पेट में जा लगी। गोली लगते ही शिवम सड़क पर गिर पड़ा और बदमाश वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।

घटना के वक्त आसपास मौजूद शिवम के दो दोस्त दौड़ते हुए मौके पर पहुंचे और बिना समय गंवाए घायल शिवम को निजी अस्पताल पहुंचाया। इधर गोली चलने की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। बदहवाश मां और अन्य परिजन देर रात अस्पताल पहुंचे, जहां हर कोई दुआएं मांगता नजर आया।

अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि गोली पेट में लगी है और युवक की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। डॉक्टरों की एक पूरी टीम शिवम को स्टेबल करने की जद्दोजहद में लगी है। उधर, घटना की सूचना मिलते ही अहियापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और देर रात तक घटनास्थल की बारीकी से जांच की गई।

पुलिस परिजनों और दोस्तों से पूछताछ कर रही है और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। वारदात के पीछे की वजह अब तक साफ नहीं हो सकी है, लेकिन पुलिस का दावा है कि जल्द ही बदमाशों को बे-नकाब कर लिया जाएगा। अहियापुर में हुई इस सनसनीखेज घटना ने एक बार फिर जिले की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा