Bihar Crime: मंदिर में चोरी, एक हफ्ते में तीसरी चोरी, गाड़ी से आए, चोरी की और चले गए, CCTV में कैद खौफनाक वारदात

Bihar Crime:एक हफ्ते के भीतर मंदिर में यह तीसरी वारदात है, जिससे पूरे इलाके में तनाव और गुस्से का माहौल बन गया है।...

Muzaffarpur Temple Theft CCTV Captures Night Thieves
चोर गैंग का आतंक- फोटो : reporter

Bihar Crime: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में एक बार फिर आस्था और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।सदर थाना क्षेत्र और कच्ची-पक्की ओपी क्षेत्र में लगातार हो रही मंदिर चोरी की घटनाओं ने स्थानीय लोगों को आक्रोशित कर दिया है। एक हफ्ते के भीतर मंदिर में यह तीसरी वारदात है, जिससे पूरे इलाके में तनाव और गुस्से का माहौल बन गया है।ताजा मामला पथही स्थित बाबा भद्रेश्वर नाथ मंदिर का है, जहां चोरों ने देर रात धावा बोलकर चोरी की घटना को अंजाम दिया। हैरानी की बात यह है कि चोर बेहद बेखौफ अंदाज में गाड़ी से आते हैं, मंदिर परिसर में प्रवेश करते हैं और वारदात को अंजाम देकर आसानी से फरार हो जाते हैं।

यह पूरी घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में साफ कैद हो गई है, जिसमें चोरों की गतिविधियां संदिग्ध रूप से दर्ज हुई हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे पुलिस व्यवस्था को खुली चुनौती दे रहे हैं ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश है। लोगों का आरोप है कि मंदिरों को बार-बार निशाना बनाया जा रहा है, लेकिन पुलिस की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उनका कहना है कि धार्मिक स्थलों में इस तरह की घटनाएं सीधे आस्था पर चोट हैं।

स्थानीय लोगों ने यह भी बताया कि इससे पहले भी कच्ची पक्की इलाके के दो मंदिरों में महज 2 दिनों के भीतर चोरी हो चुकी है। अब लगातार तीसरी घटना ने सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। लोगों का सुझाव है कि अगर प्रशासन CCTV और ट्रैफिक चालान कैमरों की फुटेज की सही जांच करे, तो चोरों की गाड़ी और उनका रास्ता ट्रैक किया जा सकता है, जिससे पूरे गिरोह तक पहुंचना आसान हो सकता है।

वहीं जिले के औराई थाना क्षेत्र में इन दिनों अपराध का ग्राफ तेजी से बढ़ता जा रहा है, जहां बेखौफ चोर लगातार एक के बाद एक घरों को निशाना बना रहे हैं। हालात ऐसे हैं कि लोग रात में घरों के अंदर भी डर के साये में जीने को मजबूर हैं। इलाके में हालिया घटनाओं ने दहशत का माहौल और गहरा कर दिया है। पहले 

प्रयागचक गांव  में लाखों की बड़ी चोरी हुई, फिर दो अलग-अलग स्थानों पर गेहूं की फसल चोरी की घटनाएं सामने आईं। इसी दौरान एक व्यक्ति पर चाकू से हमला भी किया गया, जिससे यह साफ हो गया कि अब चोरी की वारदातें हिंसक रूप ले चुकी हैं।

वहीं  मधुबन बेसी गांव में गुरुवार देर रात चोरों ने पुलिस गश्ती को चुनौती देते हुए एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने पूर्व पंचायत समिति सदस्य के घर में घुसकर जमकर तांडव मचाया और लाखों रुपये के जेवरात के साथ लगभग 3 लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए।बताया जा रहा है कि पीड़ित उमेश कुमार के पुत्र एक CSP संचालक हैं, जो दिनभर की कमाई के 3 लाख रुपये घर लेकर आए थे। रात में जब पूरा परिवार सो रहा था, तभी चोरों ने मौके का फायदा उठाकर घर में सेंधमारी कर दी और नकदी सहित महत्वपूर्ण दस्तावेज भी ले उड़े।

फिलहाल पुलिस जांच की बात कर रही है, लेकिन स्थानीय जनता में सवाल गहरा है क्या यह सिर्फ जांच का इंतजार रहेगा या फिर वाकई मंदिरों की सुरक्षा के लिए कोई सख्त कदम उठाया जाएगा?

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा