Bihar Crime: अपराधियों ने एएसआई को मारी गोली, बिहार में बेखौफ बदमाशों की दुस्साहसी वारदात , शहर में सनसनी

Bihar Crime: बिहार में अपराधियों ने कानून को खुली चुनौती देते हुए दिनदहाड़े पुलिस पर फायरिंग कर दी।...

अपराधियों ने एएसआई को मारी गोली- फोटो : reporter

Bihar Crime: बिहार में अपराधियों ने कानून को खुली चुनौती देते हुए दिनदहाड़े पुलिस पर फायरिंग कर दी। मुजफ्फरपुर के बेला थाने में तैनात एएसआई विकास कुमार सिंह उस वक्त बदमाशों के निशाने पर आ गए, जब वे एटीएम फ्रॉड गिरोह के एक शातिर आरोपी का पीछा कर रहे थे।

सूत्रों के मुताबिक, बेला चौक से पीएनटी जाने वाली सड़क पर स्थित साई मंदिर के पास घात लगाए बैठे अपराधियों ने अचानक पुलिस टीम पर गोलियां बरसा दीं। इस गोलीबारी में एएसआई विकास कुमार सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल कायम हो गया।

बताया जा रहा है कि एटीएम फ्रॉड से जुड़े गिरोह के बदमाश लंबे समय से पुलिस की रडार पर थे। एएसआई विकास सिंह गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई कर रहे थे, तभी बदमाशों ने खुद को घिरता देख फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगते ही पुलिस टीम ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया।

घायल एएसआई को आनन-फानन में शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों की टीम उनकी हालत पर नजर बनाए हुए है।

घटना की खबर मिलते ही प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेस कुमार मिश्रा खुद अस्पताल पहुंचे और घायल पुलिसकर्मी का हालचाल जाना। उन्होंने पूरे मामले की तफ्तीश के आदेश दिए हैं और फरार बदमाशों की धरपकड़ के लिए शहर में सघन नाकेबंदी कर दी गई है।

पुलिस सूत्रों का कहना है कि इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों की पहचान की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। इस दुस्साहसी हमले ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं, जबकि पुलिस का दावा है कि हमलावरों को जल्द ही सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा