Bihar Crime: हां, मैंने शराब पी है...ऑटो चालक के कबूलनामे ने बिहार की शराबबंदी पर खड़े किए बड़े सवाल

Bihar Crime: बिहार में शराबबंदी को लेकर सरकार चाहे जितने दावे करे, लेकिन जमीनी हकीकत बार-बार उन दावों की परतें उधेड़ती नजर आ रही है।...

शराबबंदी कागज पर, जाम छलक रहा सड़क पर!- फोटो : reporter

Bihar Crime: बिहार में शराबबंदी को लेकर सरकार चाहे जितने दावे करे, लेकिन जमीनी हकीकत बार-बार उन दावों की परतें उधेड़ती नजर आ रही है। मुजफ्फरपुर के कटरा थाना क्षेत्र से सामने आए एक वीडियो ने एक बार फिर शराबबंदी की पूरी व्यवस्था को कठघरे में खड़ा कर दिया है। वीडियो में एक ऑटो चालक बिना किसी डर और खौफ के खुलेआम यह कबूल करता दिखाई दे रहा है कि उसने शराब पी रखी है।

हैरानी की बात यह है कि जहां पुलिस और उत्पाद विभाग रोजाना शराब तस्करों और कारोबारियों पर शिकंजा कसने के दावे करते हैं, वहीं दूसरी तरफ एक कथित शराबी सड़क पर बेखौफ घूमते हुए खुद अपनी जुबान से शराब पीने की बात स्वीकार कर रहा है। यह दृश्य कई तल्ख सवाल छोड़ जाता है। आखिर शराबबंदी वाले प्रदेश में शराब पहुंच कहां से रही है? अगर शराब उपलब्ध नहीं है तो फिर यह शख्स नशे में कैसे मिला?

शायद शराबबंदी का सबसे ज्यादा असर सिर्फ सरकारी फाइलों और प्रेस विज्ञप्तियों में ही दिखाई देता है। जमीनी स्तर पर तस्वीर कुछ और ही नजर आती है। जिस कानून को लेकर करोड़ों रुपए खर्च किए जा रहे हैं, उसी कानून की धज्जियां उड़ाने वाले लोग सड़कों पर खुलेआम दिखाई दे रहे हैं।

वीडियो सामने आने के बाद पुलिस गश्ती और निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। लोग पूछ रहे हैं कि क्या नशे में घूमने वाले ऐसे लोग पुलिस को दिखाई नहीं देते, या फिर उन्हें देखकर भी अनदेखा कर दिया जाता है? यदि शराबबंदी पूरी तरह लागू है तो फिर ऐसे कबूलनामे बार-बार क्यों सामने आ रहे हैं?

फिलहाल यह वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। अब निगाहें पुलिस और उत्पाद विभाग की कार्रवाई पर टिकी हैं कि वे इस मामले में क्या कदम उठाते हैं। लेकिन इतना तय है कि इस एक वीडियो ने शराबबंदी की कामयाबी पर फिर से बहस छेड़ दी है।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा