Bihar Crime: 5 लाख दो, होमगार्ड में नौकरी लो! भर्ती के नाम पर चल रहा था खेल, CRPF जवान और वन विभाग कर्मी रंगेहाथ गिरफ्तार

Bihar Crime:पुलिस ने एक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया है, जिसमें शामिल दो लोगों पर एक युवती को होमगार्ड में नौकरी दिलाने का झांसा देकर पांच लाख रुपये मांगने का आरोप है।....

भर्ती के नाम पर चल रहा था खेल- फोटो : reporter

Bihar Crime:पुलिस ने एक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया है, जिसमें शामिल दो लोगों पर एक युवती को होमगार्ड में नौकरी दिलाने का झांसा देकर पांच लाख रुपये मांगने का आरोप है।मुजफ्फरपुर में होमगार्ड भर्ती के नाम पर कथित ठगी और नौकरी दिलाने के फर्जी खेल का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। पुलिस ने एक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया है, जिसमें शामिल दो लोगों पर एक युवती को होमगार्ड में नौकरी दिलाने का झांसा देकर पांच लाख रुपये मांगने का आरोप है। हैरानी की बात यह है कि गिरफ्तार आरोपियों में एक केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल का जवान और दूसरा वन विभाग का कर्मी बताया जा रहा है।

मामला सिकंदरपुर ओपी थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव इलाके का है। पुलिस के अनुसार, होमगार्ड भर्ती प्रक्रिया के दौरान एक युवती को लगातार अलग-अलग मोबाइल नंबरों से फोन किए जा रहे थे। कॉल करने वाले खुद को प्रभावशाली व्यक्ति बताकर भर्ती में मदद करने का भरोसा दे रहे थे। आरोप है कि युवती से कहा गया कि यदि वह पांच लाख रुपये दे दे तो उसकी होमगार्ड में नियुक्ति सुनिश्चित कर दी जाएगी।बताया जाता है कि आरोपियों ने रकम वसूलने के लिए पूरा खाका भी तैयार कर रखा था। युवती को कथित तौर पर कहा गया कि पहले दो लाख रुपये नकद देने होंगे, जबकि नियुक्ति होने के बाद तीन लाख रुपये और देने पड़ेंगे। कुल मिलाकर पांच लाख रुपये में नौकरी दिलाने का दावा किया जा रहा था।

इसी बीच युवती के भाई, जो स्वयं होमगार्ड जवान हैं, को पूरे मामले पर संदेह हुआ। उन्होंने इसकी जानकारी तत्काल स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सिकंदरपुर ओपी प्रभारी राकेश मोहन ने पुलिस टीम के साथ जाल बिछाया और मरीन ड्राइव के समीप छापेमारी की।

कार्रवाई के दौरान एक नेक्सस कार में बैठे दो संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान उनके पास से महंगे मोबाइल फोन और 12,200 रुपये नकद बरामद किए गए। जांच में दोनों की पहचान पानापुर करियात थाना क्षेत्र के रहने वाले व्यक्तियों के रूप में हुई। पुलिस का कहना है कि दोनों मिलकर कथित तौर पर नौकरी दिलाने के नाम पर युवती से ठगी की कोशिश कर रहे थे।

सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने भर्ती प्रक्रिया का फायदा उठाकर अभ्यर्थी को गुमराह करने का प्रयास किया। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर पूछताछ की और बाद में न्यायिक हिरासत में भेज दिया। फिलहाल पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं इस तरह के फर्जीवाड़े का शिकार अन्य अभ्यर्थी भी तो नहीं हुए हैं। अधिकारियों ने युवाओं और नौकरी के अभ्यर्थियों से अपील की है कि किसी भी सरकारी भर्ती में पैसे लेकर नौकरी दिलाने का दावा करने वाले लोगों से सतर्क रहें और ऐसी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा