Bihar Crime: इश्क की मुलाकात बनी मुसीबत, आशिक की सरेआम धुनाई! वायरल वीडियो ने मचाया हंगामा, पुलिस बोली-अब तक नहीं पहुंची कोई शिकायत
Bihar Crime: इश्क की राह में कभी गुलाब बिछते हैं तो कभी लाठी-डंडे बरसते हैं।और यहां तो...
Bihar Crime: इश्क की राह में कभी गुलाब बिछते हैं तो कभी लाठी-डंडे बरसते हैं। मुजफ्फरपुर के गायघाट थाना क्षेत्र से जुड़ा एक कथित वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वायरल फुटेज में कुछ लोग एक युवक को घेरकर उसकी बेरहमी से पिटाई करते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि इस वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
चर्चा का बाजार गर्म है कि मामला गायघाट थाना क्षेत्र की मैंठि पंचायत के एक गांव का है। स्थानीय स्तर पर फैल रही चर्चाओं के मुताबिक, युवक अपनी कथित प्रेमिका से मिलने उसके गांव पहुंचा था। तभी ग्रामीणों ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया और फिर देखते ही देखते मामला इश्क से इंतक़ाम की शक्ल अख्तियार कर गया। भीड़ ने युवक की जमकर धुनाई कर दी और किसी ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर उछाल दिया। अब यही वीडियो इंटरनेट की गलियों में सुर्खियां बटोर रहा है।
बताया जा रहा है कि प्रेमी और प्रेमिका एक ही गांव के रहने वाले हैं। दो दिन पहले हुई इस कथित घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं। सोशल मीडिया पर लोग अपने-अपने अंदाज़ में इस मामले पर प्रतिक्रिया दे रहे हैं, जबकि वीडियो की सत्यता को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है।
दिलचस्प बात यह है कि इतना हंगामा मचने के बावजूद अब तक किसी भी पक्ष ने थाने में कोई तहरीर या शिकायत दर्ज नहीं कराई है। उधर गायघाट थाना पुलिस का कहना है कि उनके संज्ञान में ऐसा कोई मामला आधिकारिक रूप से नहीं आया है। पुलिस के मुताबिक, यदि किसी भी पक्ष की ओर से आवेदन प्राप्त होता है तो पूरे मामले की तहकीकात की जाएगी और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर विधि-सम्मत कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
फिलहाल, वायरल वीडियो ने इलाके में सनसनी जरूर फैला दी है, लेकिन सच क्या है, इसका फैसला जांच और आधिकारिक तथ्यों के बाद ही हो सकेगा।
रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा