Bihar crime:मुजफ्फरपुर में बेखौफ अपराधियों का तांडव, लूट का विरोध करने पर पत्नी और बेटे के सामने स्वर्ण व्यवसायी की गोली मारकर हत्या

मुजफ्फरपुर में बेखौफ अपराधियों का तांडव, लूट का विरोध करने पर पत्नी और बेटे के सामने स्वर्ण व्यवसायी की गोली मारकर हत्या

मुजफ्फरपुर में बेखौफ अपराधियों का तांडव- फोटो : Reporter

Bihar crime: मुजफ्फरपुर जिले में बेखौफ अपराधियों ने सोमवार की शाम एक दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया है। कच्ची पक्की ओपी क्षेत्र के माधोपुर में बाइक सवार बदमाशों ने लूट की नीयत से आभूषण कारोबारी दीपक कुमार शाह की उनके घर के सामने ही गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी। इस खौफनाक वारदात को अपराधियों ने मृतक की पत्नी और बेटे के ठीक सामने अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए।

लूट में नाकाम होने पर बरसाईं गोलियां

जानकारी के मुताबिक, आभूषण कारोबारी दीपक कुमार शाह माधोपुरहाट स्थित अपनी दुकान बंद कर पैदल ही अपने घर लौट रहे थे। घर से महज 50 मीटर पहले, अपाचे बाइक पर सवार अपराधियों ने उन्हें घेर लिया और जेवरों से भरा बैग लूटने का प्रयास किया। दीपक शाह ने हिम्मत दिखाते हुए अपराधियों का कड़ा विरोध किया, जिसके बाद दोनों पक्षों में काफी देर तक हाथापाई और झड़प होती रही।

पति को घिरा देख पत्नी जोर-जोर से चिल्लाने लगी और घर में मौजूद बेटा धीरज कुमार अपने पिता को बचाने के लिए दौड़ पड़ा। परिजनों को अपनी तरफ आता देख और लूट में खुद को नाकाम पाकर अपराधियों ने दीपक शाह पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। गोली लगने के बाद परिजन उन्हें तुरंत अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अपराधी आभूषण का बैग लूटने में तो नाकाम रहे, लेकिन हड़बड़ी में भागते समय उनकी पिस्टल, चप्पल और टोपी घटनास्थल पर ही छूट गई।

इलाका पुलिस छावनी में तब्दील, SIT गठित

वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। सूचना मिलते ही सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी, कई डीएसपी और आधा दर्जन थानों की पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अपराधियों की धरपकड़ के लिए एसटीएफ  और एसआईटी  को भी काम पर लगा दिया गया है। सिटी एसपी ने बताया कि लूट का विरोध करने पर कारोबारी की हत्या की गई है। पुलिस घटनास्थल से मिले सबूतों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

रिपोर्ट मणिभूषण  शर्मा