Bihar Crime: बिहार में फिर बेखौफ अपराधी, लूट का विरोध किया तो बरसाईं गोलियां, बुलेट की गूंज से सहमा इलाका

Bihar Crime: बिहार एक बार फिर गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठा, जब बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े पति-पत्नी को निशाना बना दिया।...

अपराधियों का कहर- फोटो : reporter

Bihar Crime: बिहार एक बार फिर गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठा, जब बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े पति-पत्नी को निशाना बना दिया। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोग सहमे हुए हैं। मिली जानकारी के मुताबिक, सोहन सिंह अपनी पत्नी श्वेता कुमारी के साथ वैशाली के बलिगांव से मुजफ्फरपुर के सकरा थाना क्षेत्र के मड़वन जा रहे थे। इसी दौरान रेपुरा गांव के पास घात लगाए बदमाशों ने उन्हें रोकने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि लूटपाट के इरादे से पहुंचे अपराधियों का विरोध करना दंपति को भारी पड़ गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विरोध होते ही अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोलियां लगने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और सड़क पर ही गिर पड़े। अचानक हुई इस घटना से मौके पर अफरातफरी मच गई और आसपास के लोग दहशत में आ गए।

घटना की सूचना मिलते ही सकरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। मौके से तीन खोखा बरामद किए गए हैं, जिससे फायरिंग की पुष्टि हुई है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और अपराधियों की पहचान में जुटी है।

घायलों को आनन-फानन में मुजफ्फरपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार, दोनों की स्थिति गंभीर बनी हुई है।

इस वारदात ने एक बार फिर इलाके की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा, लेकिन फिलहाल अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। स्थानीय लोगों में गुस्सा है और वे सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहे हैं। अब सबकी नजर पुलिस की कार्रवाई पर टिकी है क्या इस बार भी अपराधी बच निकलेंगे या कानून का शिकंजा उन तक पहुंचेगा?

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा