Bihar Crime:मुजफ्फरपुर स्टेशन पर नशा गैंग का काला खेल बेनकाब, मासूम बच्चे के साथ शिकार फंसाते थे पति-पत्नी, कोल्ड ड्रिंक में नशा मिलाकर उड़ाते थे माल

Bihar Crime: मुजफ्फरपुर रेलवे स्टेशन पर नशा खुरानी गिरोह का खौफनाक खेल आखिरकार बेनकाब हो गया। ...

नशा गैंग का काला खेल बेनकाब- फोटो : reporter

Bihar Crime: मुजफ्फरपुर रेलवे स्टेशन पर नशा खुरानी गिरोह का खौफनाक खेल आखिरकार बेनकाब हो गया। जीआरपी पुलिस ने एक ऐसे शातिर पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है, जो अपने मासूम बच्चे को ढाल बनाकर भोले-भाले यात्रियों को जाल में फंसाते थे और फिर नशीला कोल्ड ड्रिंक पिलाकर उनका कीमती सामान उड़ा लेते थे।

गिरफ्तार आरोपी पंकज कुमार और उसकी पत्नी संयोगिता कुमारी लंबे समय से इस साजिशी धंधे को अंजाम दे रहे थे। इनका तरीका बेहद चालाकी भरा था पहले ये स्टेशन पर यात्रियों से हमदर्दी और दोस्ती का रिश्ता जोड़ते, फिर बातचीत के दौरान उन्हें कोल्ड ड्रिंक ऑफर करते। उसी ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर यात्रियों को बेहोश कर दिया जाता और फिर उनके गहने व सामान लेकर फरार हो जाते।इस पूरे क्राइम गेम का खुलासा तब हुआ जब 21 मार्च को जीआरपी पुलिस को प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर एक महिला बेहोशी की हालत में मिली। उसे तुरंत सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। होश में आने पर महिला ने अपना नाम सुगिया देवी बताया और बताया कि कैसे एक पति-पत्नी ने अपने बच्चे के साथ मिलकर उसे झांसे में लिया और नशीला पेय पिलाकर उसका गले का जितिया चैन लेकर फरार हो गए।

महिला के बयान के बाद पुलिस ने स्टेशन पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें आरोपी दंपति अपने बच्चे के साथ प्लेटफॉर्म नंबर-6 पर घूमते नजर आए। इसके बाद पुलिस ने फौरन एक्शन लेते हुए दोनों को धर दबोचा।तलाशी के दौरान पुलिस को इनके पास से सोना तौलने वाला छोटा तराजू, एक टैब और लोहे का कटर बरामद हुआ, जो इनके गुनाह के औजार माने जा रहे हैं। पूछताछ में दोनों ने कबूल किया कि वे लंबे समय से इस गिरोह को चला रहे थे और कई यात्रियों को अपना शिकार बना चुके हैं।

रेल डीएसपी रोशन कुमार गुप्ता ने बताया कि यह गिरोह बेहद संगठित तरीके से वारदात को अंजाम देता था। फिलहाल पुलिस इनके पूरे नेटवर्क की ‘तहकीकात’ में जुटी है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस गिरोह के तार और कहां-कहां तक जुड़े हैं। इस नशा गैंग की गिरफ्तारी के बाद यात्रियों को राहत जरूर मिली है, लेकिन स्टेशन पर अब भी सतर्क रहने की जरूरत है, क्योंकि ऐसे गिरोह हर वक्त नए शिकार की तलाश में रहते हैं।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा