Bihar Crime: पुलिस की वर्दी में आए चोरों का तांडव, स्कॉर्पियो से पहुंचे, शराब जांच का झांसा देकर लूटे जेवर

Bihar Crime: पुलिस की वर्दी पहने स्कॉर्पियो सवार चार अज्ञात बदमाशों ने कई गांवों में जमकर उत्पात मचाया।...

पुलिस की वर्दी में आए चोरों का तांडव!- फोटो : reporter

Bihar Crime: मुजफ्फरपुर जिले के रामपुर हरि थाना क्षेत्र में शुक्रवार की रात पुलिस की वर्दी पहने स्कॉर्पियो सवार चार अज्ञात बदमाशों ने कई गांवों में जमकर उत्पात मचाया। खाकी वर्दी में पहुंचे अपराधियों ने ग्रामीणों को शराब के खिलाफ छापेमारी का झांसा दिया और इसी भ्रम का फायदा उठाकर कई घरों को निशाना बनाया। बदमाश घरों से नकदी, आभूषण और बड़ी संख्या में बकरियां व खस्सी चोरी कर फरार हो गए।

स्थानीय लोगों के अनुसार, रामपुर पश्चिम के वार्ड संख्या 3 और 4 में कई घरों में चोरी की गई। रात में जब कुछ ग्रामीणों की नींद खुली तो उन्होंने वर्दीधारी लोगों से पूछताछ की। बदमाशों ने खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए कहा कि वे शराब की तलाश में छापेमारी करने आए हैं। पुलिस की वेशभूषा देखकर ग्रामीणों को भी उनकी बात पर शक नहीं हुआ और बदमाश इत्मीनान से अपने मंसूबे को अंजाम देते रहे।

बताया गया कि चोरी के बाद बदमाश कई बक्सों को उठाकर मदारीपुर मन के समीप सुनसान इलाके में ले गए। वहां बक्सों को तोड़कर कीमती सामान निकाल लिया और खाली बक्से वहीं छोड़ दिए। इसके बाद बदमाशों ने मवेशियों को भी स्कॉर्पियो में लादा और मौके से फरार हो गए।ग्रामीणों के मुताबिक रामपुर पश्चिम में फकीरा बैठा, विश्वनाथ ठाकुर और राजेश राय के खस्सी चोरी हुए। मदारीपुर पंचायत में मोहम्मद नसीर के दो खस्सी, चंदेश्वर राम की एक बकरी और एक खस्सी तथा झापस महतो की एक बकरी और एक खस्सी भी बदमाश ले गए। चोरी गए मवेशियों की संख्या और अन्य नुकसान का पूरा आकलन किया जा रहा है।

मामले की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी। रामपुर हरि थानाध्यक्ष अंजली कुमारी ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है, लेकिन पीड़ितों की ओर से अभी लिखित शिकायत नहीं मिली है। पुलिस अपने स्तर से जांच कर रही है।थानाध्यक्ष के अनुसार, बदमाशों के कहीं भी सीसीटीवी में नजर नहीं आने से आशंका है कि उन्होंने पहले इलाके की रेकी की थी और फिर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस अब बदमाशों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का सुराग तलाश रही है।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा