Mohania Checkpost Liquor Seized: एम्बुलेंस में छिपाकर लाई जा रही थी 5 लाख की शराब, झारखंड नंबर की गाड़ी से बड़ा खुलासा

Mohania Checkpost Liquor Seized News: बिहार के मोहनिया समेकित जांच चौकी पर उत्पाद विभाग ने झारखंड नंबर की एम्बुलेंस से 218.655 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की है। हरियाणा से दरभंगा ले जाई जा रही शराब की कीमत करीब 5 लाख रुपये है। आरोपी चालक गिरफ्तार।

Mohania checkpost liquor seizure
एम्बुलेंस में छिपाकर लाई जा रही थी 5 लाख की शराब- फोटो : Reporter

बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए मद्य निषेध एवं उत्पाद विभाग की सख्ती लगातार जारी है। इसी कड़ी में मोहनिया समेकित जांच चौकी पर उत्पाद विभाग की टीम ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए तस्करी के एक अनोखे तरीके का भंडाफोड़ किया है। जांच चौकी पर चलाए गए विशेष अभियान के दौरान विभाग ने झारखंड नंबर की एक एम्बुलेंस से 218.655 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की है।


गुप्त सूचना पर बिछाया गया जाल: सघन जांच में फंसी संदिग्ध एम्बुलेंस

उत्पाद विभाग को गुप्त सूत्रों से सूचना मिली थी कि झारखंड निबंधन संख्या वाली एक एम्बुलेंस के जरिए शराब की एक बड़ी खेप बिहार की सीमा में प्रवेश करने वाली है। सूचना की पुष्टि होते ही मोहनिया चेकपोस्ट पर निगरानी और सघन वाहन जांच अभियान तेज कर दिया गया। इसी दौरान झारखंड नंबर (JH10BT1636) की एक संदिग्ध एम्बुलेंस को रोककर जब उसकी विधिवत तलाशी ली गई, तो टीम की आंखें फटी की फटी रह गईं।


पांच लाख की शराब बरामद: हरियाणा का चालक मौके से गिरफ्तार

एम्बुलेंस के भीतर बेहद शातिराना अंदाज में छिपाकर रखी गई कुल 218.655 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की गई, जिसका अनुमानित बाजार मूल्य करीब पांच लाख रुपये आंका गया है। उत्पाद विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से एम्बुलेंस चालक को भी दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपित की पहचान हरियाणा के सोनीपत जिले के गोहाना थाना क्षेत्र स्थित चिड़ाना गांव निवासी रामफल के 42 वर्षीय पुत्र सत्यवान के रूप में की गई है।


हरियाणा से दरभंगा जा रही थी खेप: जांच से बचने के लिए एम्बुलेंस का इस्तेमाल

पुलिस और उत्पाद विभाग की टीम द्वारा की गई शुरुआती पूछताछ में गिरफ्तार चालक सत्यवान ने कई अहम राज उगले हैं। उसने स्वीकार किया कि वह शराब की इस बड़ी खेप को हरियाणा से लोड कर बिहार के दरभंगा जिले में सप्लाई करने के लिए ले जा रहा था। रास्ते में पुलिस और जांच एजेंसियों की आंखों में धूल झोंकने के उद्देश्य से तस्करों ने आपातकालीन सेवा (एम्बुलेंस) की आड़ ली थी।


शराबबंदी अधिनियम के तहत केस दर्ज: तस्करों में मचा हड़कंप

इस पूरी कार्रवाई की जानकारी देते हुए उत्पाद विभाग के एसआई प्रभाकर चौधरी ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर चेकपोस्ट पर चौकसी बढ़ाई गई थी, जिसके परिणामस्वरूप यह बड़ी कामयाबी मिली। विभाग ने तस्करी में प्रयुक्त एम्बुलेंस और बरामद शराब को जब्त कर लिया है, जबकि गिरफ्तार आरोपित के खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

कैमूर से देव तिवारी की रिपोर्ट