Bihar Crime: RJD नेता की कार से हुआ किडनैपिंग! दिनदहाड़े युवक का अपहरण, चलती गाड़ी में बेरहमी से पिटाई, सड़क पर फेंककर अपराधी हुए फरार

Bihar Crime: राजद का बोर्ड लगी एक थार गाड़ी से कथित तौर पर एक युवक का सरेआम अपहरण किया गया।......

RJD नेता की कार से हुआ किडनैपिंग- फोटो : reporter

Bihar Crime: मुजफ्फरपुर में दिनदहाड़े हुई एक सनसनीखेज वारदात ने कानून-व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। राजद का बैनर और जिला सचिव का बोर्ड लगी एक थार गाड़ी से कथित तौर पर एक युवक का सरेआम अपहरण किया गया। आरोप है कि बदमाशों ने युवक को जबरन गाड़ी में बैठाया, फिर चलती थार में उसकी बेरहमी से पिटाई की और अधमरी हालत में सड़क पर फेंककर फरार हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तेज़ी से कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों के भीतर थार गाड़ी को जब्त कर लिया और एक राजद नेता को हिरासत में ले लिया है।

यह सनसनीखेज मामला मुजफ्फरपुर के काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र स्थित सर्किट हाउस के समीप का है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, राजद का बैनर लगी थार में सवार कुछ लोग खुलेआम एक युवक को जबरन गाड़ी में बैठाकर ले गए। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में अफरा-तफरी और दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और पूरे मामले की तफ्तीश शुरू कर दी।बताया जा रहा है कि अपहरण के बाद बदमाशों ने युवक की चलती गाड़ी में जमकर पिटाई की। मारपीट से गंभीर रूप से घायल युवक को बाद में ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र के चांदनी चौक के पास सड़क किनारे फेंक दिया गया। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को इलाज के लिए मुजफ्फरपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर काजी मोहम्मदपुर थाना पुलिस ने तत्काल जांच का दायरा बढ़ाया। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसके आधार पर थार गाड़ी की पहचान की गई। पुलिस ने लगातार पीछा करते हुए मुजफ्फरपुर जिले के सरैया थाना क्षेत्र में थार को घेर लिया।

पुलिस ने मौके से थार गाड़ी को जब्त कर लिया और एक आरोपी को हिरासत में लिया है, जिसे राजद का नेता बताया जा रहा है। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि युवक का अपहरण क्यों किया गया और इस वारदात में कितने लोग शामिल थे।

फिलहाल पुलिस अपहरण, मारपीट और अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रही है। वहीं, इस घटना ने राजनीतिक हलकों में भी हलचल मचा दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के मुताबिक सख्त कार्रवाई की जाएगी।


रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा