बंदूक की नोक पर करोड़ों की डकैती, खाद व्यवसायी के घर मचा तांडव, परिवार को बंधक बनाकर 1 करोड़ की लूट

Bihar Crime:खाद व्यवसायी के घर धावा बोलकर ऐसी वारदात को अंजाम दिया, जिससे पूरे इलाके में खौफ का माहौल फैल गया।...

बंदूक की नोक पर करोड़ों की डकैती- फोटो : social Media

Nalanda: बिहार में अपराधियों के बुलंद हौसलों का एक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। नालंदा जिले के दीपनगर थाना क्षेत्र के देवीसराय मोहल्ले में हथियारबंद बदमाशों ने देर रात एक खाद व्यवसायी के घर धावा बोलकर ऐसी वारदात को अंजाम दिया, जिससे पूरे इलाके में खौफ का माहौल फैल गया। करीब एक दर्जन से अधिक हथियारों से लैस बदमाशों ने पूरे परिवार को बंदूक की नोक पर बंधक बना लिया और आराम से घर की तलाशी लेकर करीब एक करोड़ रुपये की संपत्ति लूटकर फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार, बदमाशों ने घर में घुसते ही परिवार के सभी सदस्यों को आतंकित कर दिया। हथियारों का भय दिखाकर उन्हें एक कमरे में बंधक बना दिया गया, ताकि कोई विरोध न कर सके और न ही पुलिस को सूचना दे सके। इसके बाद अपराधियों ने पूरे घर को खंगालना शुरू कर दिया। अलमारी, लॉकर और कीमती सामान रखने वाले हर स्थान को निशाना बनाया गया।

बताया जा रहा है कि बदमाश अपने साथ करीब 70 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और 45 लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए। वारदात को जिस सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया, उससे आशंका जताई जा रही है कि अपराधियों ने पहले से घर की रेकी की थी और उन्हें नकदी व आभूषणों की पूरी जानकारी थी।

घटना के बाद परिवार के सदस्यों ने किसी तरह खुद को मुक्त कर आसपास के लोगों को जानकारी दी। देखते ही देखते मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई और पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही दीपनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण शुरू किया।

पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। साथ ही एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है, ताकि वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाकर बदमाशों तक पहुंचा जा सके। पुलिस का कहना है कि वारदात में शामिल अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है तथा संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।

दिनदहाड़े और रात के समय लगातार हो रही बड़ी आपराधिक घटनाओं ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन तफ्तीश में जुटी है और दावा कर रही है कि जल्द ही इस सनसनीखेज डकैती का खुलासा कर सभी आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा।

रिपोर्ट-राज पाण्डेय