Bihar News: परीक्षा देने गया था, लाश बनकर लौटा घर, राजगीर में मैट्रिक छात्र की पिटाई के बाद मौत, मकान मालिक पर गंभीर आरोप

Bihar News: राजगीर में मैट्रिक की परीक्षा देने आए एक छात्र की संदिग्ध हालात में मौत ने सनसनी फैला दी है।

परीक्षा देने गया था, लाश बनकर लौटा घर- फोटो : X

Bihar News: राजगीर में मैट्रिक की परीक्षा देने आए एक छात्र की संदिग्ध हालात में मौत ने सनसनी फैला दी है। मृतक की पहचान सरमेरा निवासी छात्र के रूप में हुई है, जो परीक्षा के दौरान राजगीर में किराये पर रह रहा था। परिजनों का इल्ज़ाम है कि मकान मालिक की मारपीट और धक्के से गिरने के बाद छात्र की जान चली गई।

बताया जा रहा है कि पानी भरने को लेकर छात्र और मकान मालिक के बीच कहासुनी हुई थी। इसी दौरान मकान मालिक ने कथित तौर पर उसे जोरदार धक्का दे दिया। धक्का लगते ही छात्र गिर पड़ा और सिर में गंभीर चोट आई। गिरते ही वह बेहोश हो गया। आनन-फानन में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी हालत बिगड़ती चली गई और आखिरकार उसने दम तोड़ दिया।

इम्तिहान की तैयारी में जुटा यह छात्र अपने सपनों को हकीकत में बदलने आया था, मगर किस्मत ने बेरहमी से उसकी जिंदगी की किताब बंद कर दी। अस्पताल परिसर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उनका आरोप है कि यह महज़ हादसा नहीं, बल्कि जानबूझकर की गई हरकत है, जिसने एक मासूम की जिंदगी छीन ली।

घटना की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की तफ्तीश शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इस दर्दनाक वाकये के बाद इलाके में गम और गुस्से का माहौल है। लोग आरोपी पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच में जुटी है, ताकि सच्चाई सामने आ सके और दोषी को कानून के कटघरे में खड़ा किया जा सके।

रिपोर्ट- राज पाण्डेय