Bihar Crime: बेल पर छूटे सनकी पति ने बेहरमी से पत्नी को उतारा मौत के घाट, झूठी कहानी गढ़ने की कोशिश, दर्दनाक हत्या से दहला बिहार
Bihar Crime: इंसानियत को झकझोर देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक सनकी पति ने अपनी ही पत्नी को बेरहमी से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया।
Bihar Crime: इंसानियत को झकझोर देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक सनकी पति ने अपनी ही पत्नी को बेरहमी से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। यह खौफनाक घटना नालंदा के नूरसराय थाना क्षेत्र के परासी गांव की है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी और दहशत फैला दी है। मृतका की पहचान राखी कुमारी के रूप में हुई है, जो मनीष कुमार उर्फ सूरजभान की पत्नी थी। बताया जा रहा है कि आरोपी पति हाल ही में करीब 7 महीने जेल में बंद रहने के बाद लगभग 15 दिन पहले ही नाबालिग से छेड़खानी के एक मामले में जमानत पर रिहा होकर घर लौटा था। घर लौटने के बाद भी उसका व्यवहार नहीं बदला, बल्कि उसमें और अधिक क्रूरता और सनक बढ़ गई थी।
परिजनों के अनुसार, आरोपी पति अक्सर पैसों की मांग करता था और पैसे न मिलने पर पत्नी के साथ मारपीट और प्रताड़ना करता था। घटना वाली रात भी विवाद ने विकराल रूप ले लिया और उसने अपनी पत्नी पर बेरहमी से हमला कर दिया। महिला की हालत इतनी गंभीर हो गई कि मौके पर ही उसकी जान चली गई। हैरानी की बात यह है कि आरोपी ने अपने कुकर्म को छिपाने के लिए एक झूठी कहानी गढ़ दी और यह अफवाह फैलाने की कोशिश की कि महिला सीढ़ी से गिर गई थी। लेकिन जब मामला पुलिस तक पहुंचा तो सच्चाई सामने आ गई।
मृतका के पिता, जो सिलाव थाना क्षेत्र के करियाना गांव निवासी उपेंद्र सिंह हैं, ने बताया कि उन्होंने 2020 में अपनी बेटी की शादी की थी। दंपति के दो छोटे बच्चे हैं। 4 साल की बेटी और 2.5 साल का बेटा, जो अब मां के बिना अनाथ जैसे हालात में हैं। घटना की सूचना मिलते ही परिजन सदर अस्पताल पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने पुष्टि की है कि महिला की हत्या मारपीट कर बेरहमी से की गई है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।
रिपोर्ट- राज पाण्डेय