Bihar Crime:भाजपा विधायक के भतीजे पर जानलेवा हमला, गहने लूटकर फरार हुए हमलावर,गाड़ी साइड नहीं देने पर हुआ बवाल

Bihar Crime: भाजपा विधायक के भतीजे बेरहमी से हमला कर दिया गया है।...

विधायक के रिश्तेदार पर हमला- फोटो : reporter

Bihar Crime: भाजपा विधायक के भतीजे  पर बदमाशों ने बेरहमी से हमला कर दिया । नवादा जिले से एक सनसनीखेज आपराधिक मामला सामने आया है, जहां भाजपा विधायक के भतीजे कुंदन कुमार (29) पर बेरहमी से हमला कर दिया गया। इस घटना में कुंदन गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हमले के दौरान उनके साथ लूटपाट भी की गई, जिससे इलाके में तनाव का माहौल है।

घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि कुंदन कुमार अपने ट्रैक्टर से घर लौट रहे थे, तभी एक काले रंग की ब्रेजा कार पीछे से आकर साइड मांगने लगी। जगह न होने के कारण साइड नहीं देने पर कार सवार लोग गंगटा मुसहरी के पास उनसे उलझ गए और गाली-गलौज करने लगे।

इसके बाद विवाद बढ़ गया और आरोपी वहां से चले गए। लेकिन कुछ ही देर बाद वे दोबारा लौटे और चंदन कुमार के घर फुलमा तक पहुंचकर फिर से हंगामा करने लगे। इसी बीच कुंदन कुमार ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।

हालांकि मामला यहीं नहीं रुका। बाद में जब कुंदन अपनी बहन के घर सकरपुरा डेरमा की ओर जा रहे थे, तभी आरोपियों ने फोन कर 10–15 अन्य लोगों को बुला लिया और बाइक से उनका पीछा किया। जसौली रेलवे फाटक के पास उन्हें घेरकर रोक लिया गया और फिर बेल्ट, डंडे और लोहे की रॉड से बुरी तरह पीटा गया।

हमले में कुंदन कुमार का सिर फट गया और पेट व पैर में गंभीर अंदरूनी चोटें आईं। आरोपियों ने उनके गले से दो भर सोने की चेन, हाथ से दो भर का ब्रेसलेट और चार सोने की अंगूठियां भी छीन लीं, जिनकी कुल कीमत लगभग एक लाख रुपये बताई जा रही है।

मारपीट के बाद हमलावर उन्हें फ्रंटलाइन स्कूल के पास छोड़कर फरार हो गए। घटना के बाद नेमदरगंज थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। बताया जा रहा है कि कुंदन कुमार भाजपा के हिसुआ विधानसभा क्षेत्र के विधायक अनिल सिंह के रिश्तेदार हैं। फिलहाल पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

रिपोर्ट- अमन कुमार