Bihar Crime: होली के दिन जमीन के झगड़े ने ली जान, चचेरे भाई पर क़त्ल का इल्ज़ाम , जश्न मातम में तब्दील

Bihar Crime:होली का जश्न उस वक्त मातम में तब्दील हो गया, जब ज़मीन के पुराने विवाद ने खूनी शक्ल अख़्तियार कर ली।...

जश्न मातम में तब्दील- फोटो : reporter

Bihar Crime: बिहार के नवादा जिले के रोह थाना क्षेत्र स्थित बंसीचौक गांव में होली का जश्न उस वक्त मातम में तब्दील हो गया, जब ज़मीन के पुराने विवाद ने खूनी शक्ल अख़्तियार कर ली। रंग और गुलाल के बीच चली लाठी-डंडों की बरसात ने 32 वर्षीय विनोद यादव की जान ले ली। इलाक़े में दहशत और सन्नाटा पसरा है।

मृतक की पहचान विनोद यादव, पिता मांगो यादव के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, ज़मीन को लेकर साल 2005 से चल रहा अदावत का सिलसिला आखिरकार जानलेवा साबित हुआ। आरोप है कि चचेरे भाई मनोज यादव ने रंजिश के तहत सोए हुए विनोद पर धावा बोल दिया और बेरहमी से पिटाई की।

मृतक के भाई ललित यादव ने बताया कि मंगलवार सुबह महिलाओं के बीच रास्ते को लेकर कहासुनी और गाली-गलौज हुई थी। मामला कुछ देर में शांत हो गया और विनोद अपने घर में जाकर आराम करने लगे। लेकिन शाम ढलते ही माहौल फिर से गरमा गया। इल्ज़ाम है कि इसी दौरान चचेरा भाई अपने साथियों के साथ घर में जबरन दाख़िल हुआ और सो रहे विनोद पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

परिजनों ने लहूलुहान हालत में विनोद को अस्पताल पहुंचाया, जहां से उन्हें नवादा सदर अस्पताल रेफर किया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। इस वारदात के बाद गांव में खौफ का आलम है और दोनों परिवारों के बीच तनातनी चरम पर है।

घटना की खबर मिलते ही रोह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी। एसडीपीओ हुलास कुमार ने बताया कि आवेदन मिलने के बाद मुक़दमा दर्ज कर लिया जाएगा और हर एंगल से तफ्तीश जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की असली वजह का खुलासा होगा।

होली के दिन जहां रंगों से रिश्ते मजबूत होने थे, वहीं अदावत की आग ने एक घर का चिराग बुझा दिया। अब सवाल यह है कि क्या पुरानी रंजिश का यह सिलसिला यहीं थमेगा या फिर बंसीचौक में दुश्मनी की यह दास्तान और लंबी होगी?

रिपोर्ट- अमन कुमार