Bihar Crime: शादी का झांसा देकर विधवा भाभी से दुष्कर्म , नवादा में आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजा गया

Bihar Crime: शादी का झांसा देकर अपनी विधवा भाभी के साथ दुष्कर्म और शोषण करने के मामले में नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

शादी का झांसा देकर विधवा भाभी से दुष्कर्म - फोटो : reporter

Bihar Crime: नवादा जिले में महिला अपराध से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। काशीचक थाना पुलिस ने शादी का झांसा देकर अपनी विधवा भाभी के साथ कथित रूप से दुष्कर्म और शोषण करने के मामले में नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

यह कार्रवाई काशीचक थानाध्यक्ष गौतम कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने की। पुलिस के अनुसार, आरोपी पर आरोप है कि उसने अपनी विधवा भाभी को शादी करने का भरोसा देकर लंबे समय तक उसका शारीरिक और मानसिक शोषण किया।

पीड़िता का आरोप है कि आरोपी लगातार शादी का आश्वासन देता रहा, लेकिन बाद में उसकी नीयत बदल गई। जब महिला को लगा कि आरोपी शादी करने के लिए तैयार नहीं है और उसके साथ धोखा किया जा रहा है, तो उसने हिम्मत जुटाकर काशीचक थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई।शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। अनुसंधान के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले में दहेज प्रतिषेध अधिनियम से जुड़ी धाराओं के तहत भी कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की गई और फिर उसे अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।काशीचक थानाध्यक्ष गौतम कुमार ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान से जुड़े मामलों में पुलिस पूरी गंभीरता से कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि महिलाओं के साथ अपराध की किसी भी घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। काशीचक पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून से बचने की कोशिश करने वाले आरोपियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

रिपोर्ट- अमन कुमार