पैसे के लेन-देन में युवक की बेरहमी से हत्या, मुख्य आरोपी यूपी से गिरफ्तार

पैसे के लेन-देन में युवक की बेरहमी से हत्या, मुख्य आरोपी यूपी से गिरफ्तार

Bihar crime:बिहार की नवादा पुलिस ने नगर थाना क्षेत्र के मिर्जापुर में बीते मई महीने में हुए सनसनीखेज प्रिंस कुमार हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी सतीश कुमार उर्फ छितिज कुमार को उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले से धर दबोचा है। इस वारदात में शामिल दो नाबालिग आरोपियों को पुलिस पहले ही हिरासत में लेकर बाल सुधार गृह भेज चुकी है।

पैसों के विवाद में रची गई थी खूनी साजिश

पुलिस के मुताबिक, मृतक प्रिंस कुमार और आरोपियों के बीच काफी समय से पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी रंजिश और बदले की भावना के तहत तीनों आरोपियों ने मिलकर प्रिंस की हत्या की खौफनाक साजिश रची। 13 मई 2026 की रात मुख्य आरोपी सतीश ने फोन कर प्रिंस को मिर्जापुर गुमटी के पास बुलाया। वहां से एक नाबालिग साथी के टोटो (ई-रिक्शा) पर बिठाकर उसे कादिरगंज थाना क्षेत्र के घोषथामा स्थित एक सुनसान इलाके में ले जाया गया।

शराब पिलाकर घोंटा गला, नदी किनारे फेंकी लाश

सुनसान जगह पर ले जाकर आरोपियों ने पहले प्रिंस को शराब पिलाई। इसके बाद गमछे से उसका गला घोंट दिया और मौत पक्की करने के लिए कांच के टूटे हुए टुकड़े से उसका गला रेत दिया। वारदात के बाद सबूत मिटाने की नीयत से उन्होंने शव को सकरी नदी के किनारे झाड़ियों में छिपा दिया और मृतक का मोबाइल तोड़कर रास्ते में फेंक दिया।

निशानदेही पर बरामद हुआ शव, आरोपी ने कबूला जुर्म

प्रिंस के लापता होने के बाद उसकी मां ने 14 मई को नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, सोशल मीडिया और तकनीकी इनपुट्स के जरिए तफ्तीश शुरू की। 22 मई को हिरासत में लिए गए दो नाबालिगों की निशानदेही पर नदी किनारे से प्रिंस का क्षत-विक्षत शव और मोबाइल बरामद किया गया। एफएसएल (FSL) की टीम ने मौके से खून सने कांच, ईंट, बीयर के कैन और अन्य आपत्तिजनक सामान जब्त किए हैं। पकड़े गए मुख्य आरोपी सतीश कुमार ने पुलिस के सामने अपना गुनाह कबूल कर लिया है, जिसके बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

Report Aman Kumar